Spread the love


55 लीटर कच्ची शराब बरामद, 20 क्विंटल लहन मौके पर नष्ट; सिसईखेड़ा से 20 लीटर शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार।

नानकमत्ता: क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने बुधवार को व्यापक अभियान चलाते हुए शराब माफिया के ठिकानों पर शिकंजा कसा। आबकारी टीम ने कच्ची खमरिया गांव में नाले के किनारे संचालित की जा रही दो अवैध शराब की भट्टियों को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से 55 लीटर कच्ची शराब बरामद करने के साथ ही शराब बनाने के लिए तैयार करीब 20 क्विंटल यानी 2000 किलोग्राम लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया। आबकारी विभाग की अचानक हुई कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया। आबकारी आयुक्त के आदेश एवं जिला आबकारी अधिकारी ऊधम सिंह नगर के निर्देशन में क्षेत्र-02 खटीमा की टीम ने आबकारी निरीक्षक बृजेश जोशी के नेतृत्व में कच्ची खमरिया गांव में दबिश दी। टीम को सूचना मिली थी कि नाले के किनारे सुनसान स्थान पर अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार की जा रही है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए टीम मौके पर पहुंची, जहां शराब बनाने के लिए भट्टियां संचालित होती मिलीं। टीम ने दोनों भट्टियों को ध्वस्त करने के साथ वहां मौजूद शराब निर्माण सामग्री और लहन को नष्ट कर दिया, ताकि दोबारा इन ठिकानों पर अवैध शराब तैयार न की जा सके। वहीं अभियान को आगे बढ़ाते हुए आबकारी टीम ने सिसईखेड़ा, नानकमत्ता में भी दबिश दी। यहां पप्पू सिंह पुत्र गुरचरण सिंह निवासी सिसईखेड़ा को 20 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। विभाग ने दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई को अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अवैध कच्ची शराब न केवल राजस्व को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि इसके सेवन से लोगों के स्वास्थ्य और जीवन पर भी गंभीर खतरा उत्पन्न होता है। इसी को देखते हुए नानकमत्ता क्षेत्र में ऐसे संदिग्ध ठिकानों की लगातार निगरानी की जा रही है। आबकारी विभाग ने साफ किया है कि अवैध शराब का निर्माण, बिक्री और भंडारण करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। क्षेत्र में जंगल, नाले और अन्य सुनसान स्थानों पर संचालित अवैध शराब की भट्टियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ आगे भी लगातार छापेमारी और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई में क्षेत्र-02 खटीमा का समस्त आबकारी स्टाफ शामिल रहा। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध कच्ची शराब का कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

You cannot copy content of this page