अश्वनी दीक्षित खबर पड़ताल
सितारगंज, ऊधम सिंह नगर। सितारगंज तहसील में स्थायी उपजिलाधिकारी (एसडीएम) की नियुक्ति की मांग को लेकर बार एसोसिएशन सितारगंज ने जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर को ज्ञापन भेजकर जल्द कार्रवाई की मांग की है।
बार एसोसिएशन की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि सितारगंज उपजिलाधिकारी कार्यालय में लंबे समय से स्थायी एसडीएम की नियुक्ति न होने के कारण वादकारियों, अधिवक्ताओं और आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।ज्ञापन में बताया गया कि स्थायी उपजिलाधिकारी की अनुपलब्धता के चलते राजस्व वादों, भूमि विवादों और अन्य प्रशासनिक मामलों की सुनवाई एवं निस्तारण की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। इसके कारण लोगों को अपने मामलों के निस्तारण के लिए बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे उनका समय और धन दोनों खर्च हो रहे हैं।
बार एसोसिएशन का कहना है कि सितारगंज एक महत्वपूर्ण तहसील है, जहां बड़ी संख्या में राजस्व और प्रशासनिक कार्य किए जाते हैं। ऐसे में स्थायी एसडीएम की नियुक्ति न होने से न्यायिक और प्रशासनिक कार्यों की नियमितता प्रभावित होना गंभीर विषय है बार एसोसिएशन ने जिलाधिकारी से जनहित और न्यायहित को ध्यान में रखते हुए सितारगंज उपजिलाधिकारी कार्यालय में जल्द से जल्द स्थायी एसडीएम की नियुक्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र की जनता को राहत मिल सके और राजस्व एवं प्रशासनिक कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकें अब देखना होगा कि बार एसोसिएशन की इस मांग पर जिला प्रशासन कब तक निर्णय लेता है और सितारगंज को स्थायी उपजिलाधिकारी की नियुक्ति कब तक मिल पाती है।
