रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि के जीवन और विचारों से युगों-युगों तक समाज को मिलती रहेगी प्रेरणा: शिव अरोड़ा*

 

रुद्रपुर। महर्षि वाल्मीकि भगवान के प्रकटोत्सव की पूर्व संध्या पर रुद्रपुर में महर्षि वाल्मीकि समिति रजि. रुद्रपुर के तत्वावधान में भव्य वाल्मीकि शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा मुख्य अतिथि के रूप में गांधी कॉलोनी पहुंचे, जहां उन्होंने फीता काटकर शोभायात्रा का विधिवत शुभारंभ किया। समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विधायक का जोरदार स्वागत करते हुए उन्हें पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।

 

शोभायात्रा गांधी कॉलोनी से प्रारंभ होकर त्रिशूल चौक, डीडी चौक, अग्रसेन चौक और मुख्य बाजार होकर पांच मंदिर से होते हुए वाल्मीकि मंदिर पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। भगवान वाल्मीकि के जयकारों से शहर का वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

 

इस अवसर पर विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि रामायण जैसे महान महाकाव्य के रचयिता भगवान महर्षि वाल्मीकि का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी रचनाएं और उनके विचार युगों-युगों से भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और आदर्श जीवन का मार्ग प्रशस्त करते आए हैं। रामायण के माध्यम से भगवान वाल्मीकि ने मर्यादा, सत्य, कर्तव्य, त्याग और मानवीय मूल्यों का जो संदेश दिया, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है।

 

विधायक ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी का प्रकटोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि उनके महान जीवन, विचारों और शिक्षाओं को आत्मसात करने का अवसर भी है। हमें उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज में प्रेम, सद्भाव, समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली इस भव्य शोभायात्रा में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

 

शोभायात्रा के शुभारंभ के पश्चात विधायक शिव अरोड़ा ने वाल्मीकि मंदिर पहुंचकर भगवान महर्षि वाल्मीकि का आशीर्वाद लिया और सभी को प्रकटोत्सव की शुभकामनाएं दीं। इसके उपरांत वह रुद्रपुर के रमपुरा क्षेत्र में आयोजित वाल्मीकि जयंती कार्यक्रम में भी शामिल हुए।

 

इस दौरान पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा, भाजपा नेता धीरेंद्र मिश्रा, दर्जा राज्यमंत्री रामपाल सिंह, गौ रक्षा दल जिला अध्यक्ष विराट आर्य, वाल्मीकि समिति के अध्यक्ष मुकेश राजोरिया, बिट्टू वाल्मीकि, विकास, शोभित, सुनील यादव सहित समिति के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।