उधम सिंह नगर पुलिस को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक अंतरराज्यीय नशा तस्कर को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 22 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 6 लाख रुपये आंकी गई है।एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और कोतवाली रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने 17 जुलाई की रात किरतपुर रोड की सर्विस लेन पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोककर तलाशी ली। तलाशी में उसके पास से 22 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी सुशील कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले का रहने वाला है और वर्तमान में रुद्रपुर के भूरारानी क्षेत्र में रह रहा था। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि गांजा उसे उसके जीजा राकेश साहनी ने दिया था और उसे रामपुर टोल प्लाजा से पहले एक व्यक्ति तक पहुंचाना था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजे के अलावा एक मोटरसाइकिल और एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं पुलिस अब इस पूरे अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क की अन्य कड़ियों की तलाश में जुट गई है।
