Spread the love


रिपोर्टर अश्वनी दीक्षित
खबर पड़ताल

सितारगंज। भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) देहरादून के तत्वावधान में पीएम श्री आदर्श राजकीय इंटर कॉलेज, सितारगंज में विद्यार्थियों के बीच मानक लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय मानकों, गुणवत्ता, सुरक्षा, उपभोक्ता जागरूकता तथा दैनिक जीवन में मानकों के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य शरद चंद्र पंत ने किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित जीवन के लिए भारतीय मानकों की जानकारी बेहद जरूरी है। विद्यार्थियों को मानकों के प्रति जागरूक करना उन्हें सजग एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम का संचालन सहायक अध्यापक चंदन सिंह डसीला ने किया कार्यक्रम के दौरान रिसोर्स पर्सन दीपक पांडे ने विद्यार्थियों को पीपीटी के माध्यम से भारतीय मानकों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। इसके बाद मानक क्लब के सदस्यों को छह समूहों में विभाजित कर फुटबॉल विषय पर मानक लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, विषय की समझ और अभिव्यक्ति क्षमता का प्रदर्शन किया विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ने के साथ-साथ लेखन, तार्किक सोच एवं अभिव्यक्ति क्षमता का भी विकास होता है।प्रतियोगिता के परिणाम में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले नैतिक कुमार कक्षा 11 एवं उनके साथी समूह को 1500 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त आदर्श कुमार कक्षा 12 एवं उनके साथी समूह को 1000 रुपये, तृतीय स्थान प्राप्त शाहनवाज एवं उनके साथी समूह को 750 रुपये तथा चतुर्थ स्थान प्राप्त देव कुमार एवं उनके साथी समूह को 250 रुपये पुरस्कार स्वरूप प्रदान किए गए कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्ता, सुरक्षा और मानकीकरण के प्रति जागरूक होने का अवसर मिला।

You cannot copy content of this page