Spread the love

रुद्रपुर। गत दिवस रुद्रपुर जिला अस्पताल में एक सामान्य परिवार की महिला की डिलीवरी के बाद ऑक्सीजन की कमी के चलते हुई दर्दनाक मृत्यु को लेकर आज रुद्रपुर कांग्रेस पार्टी के अनेकों पार्षदों, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने मेडिकल कॉलेज की बदहाल व्यवस्थाओं के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता ऑक्सीजन सिलेंडर उठाकर एवं ऑक्सीजन मास्क लगाकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने मेडिकल कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्राचार्य का घेराव किया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमरा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में आईसीयू अब तक पूर्ण रूप से सुचारू नहीं हो पाई है तथा डॉक्टरों की भारी कमी के कारण मरीजों और तीमारदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस जनों ने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज की ऑक्सीजन पाइपलाइन कई स्थानों से क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे मरीजों को समय पर ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं हो पा रही है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की कमी के चलते जिला अस्पताल के डॉक्टरों को मेडिकल कॉलेज में बैठाकर सेवाएं ली जा रही हैं, जिससे जिला अस्पताल की व्यवस्थाएं भी प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इमरजेंसी में उपयोग होने वाले कागज तक खत्म हो चुके हैं और फोटोस्टेट किए गए पर्चों से काम चलाया जा रहा है। साथ ही पिछले दिनों टिटनेस के इंजेक्शन एवं एक्स-रे फिल्म तक समाप्त हो जाने की घटनाएं मेडिकल कॉलेज प्रशासन की लापरवाही को उजागर करती हैं।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज को मिलने वाले बजट का सही उपयोग नहीं किया जा रहा है तथा व्यवस्थाओं में लगातार लापरवाही बरती जा रही है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी बड़ा जन आंदोलन करने को मजबूर होगी।

घेराव व प्रदर्शन करने वालों में वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहन लाल खेड़ा, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, पार्षद सौरव राज बेहड़, पार्षद परवेज कुरैशी, मोनिका ढाली, परिमल राय, राजेंद्र मिश्रा, बाबू खान, पार्षद सौरभ शर्मा, विक्की विर्क, सेवाराम दिवाकर, विजय पुजारा, कमल सैनी, पार्षद इंद्रजीत सिंह, जगदीश कर्मकार, अनंत बिश्नोई, हरीश कुमार, समप्रीत ग्रोवर, सुरेंद्र सिंह, प्रिंस भगत, गणेश यादव सहित अनेकों कांग्रेसी मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page