Spread the love


सितारगंज। जनपद ऊधम सिंह नगर में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सितारगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस ने अंतर्राज्यीय मोटर साइकिल चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की 08 मोटर साइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, पिछले करीब दो माह से सितारगंज और आसपास के क्षेत्रों में लगातार मोटर साइकिल चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। इन घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर एवं क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सितारगंज सुन्दरम शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
दिनांक 07 मई 2026 की रात्रि पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सिडकुल क्षेत्र स्थित सूखी नदी पुलिया के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान करन सिकदार पुत्र दिलीप सिकदार निवासी सिमलपुर चुंगी बंगाली कॉलोनी थाना पुलभट्टा तथा समर सिंह पुत्र मनेन्द्र सिंह निवासी शक्तिफार्म नंबर-01 बैकुण्ठपुर, कोतवाली सितारगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से शक्तिफार्म के चड़क मेले से चोरी की गई बुलेट मोटर साइकिल संख्या UK06BP-1149 बरामद की।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अपने फरार साथी अमरजीत सिंह के साथ मिलकर सितारगंज, शक्तिफार्म, किच्छा, रुद्रपुर, बाजपुर, बहेड़ी और बरेली सहित विभिन्न क्षेत्रों से मोटर साइकिल चोरी करते थे। चोरी के वाहनों को नेपाल में बेचकर गिरोह मोटा मुनाफा कमाता था। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि अब तक लगभग 25 चोरी की मोटर साइकिलें नेपाल में बेची जा चुकी हैं।
अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 08 चोरी की मोटर साइकिलें बरामद की हैं, जिनमें बुलेट, दो अपाचे, प्लेटिना, डिस्कवर, हीरो स्प्लेंडर, एनटॉर्क स्कूटी समेत अन्य वाहन शामिल हैं। बरामद वाहनों के संबंध में बरेली और बहेड़ी सहित विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। पुलिस फरार आरोपी अमरजीत सिंह की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तारी एवं बरामदगी टीम में शामिल पुलिसकर्मी
वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद
उपनिरीक्षक जगदीश तिवारी, चौकी प्रभारी शक्तिफार्म
उपनिरीक्षक कैलाश देव
अपर उपनिरीक्षक राकेश रौकली
अपर उपनिरीक्षक प्रेम सिंह
कांस्टेबल जगदीश कोठियाल
कांस्टेबल भूपाल सिंह
कांस्टेबल सुमित चौधरी
कांस्टेबल कपिल कुमार
कांस्टेबल अशोक बोरा
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। वाहन चोरी, नशा तस्करी और संगठित अपराध में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा तथा आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

You cannot copy content of this page