सितारगंज:(अश्वनी दीक्षित) उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ अब रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) ने भी चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने सितारगंज विधानसभा सीट से अवतार सिंह को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर क्षेत्र की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। शुक्रवार को खटीमा रोड स्थित अमर होटल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सेठपाल सिंह ने प्रदेश उपाध्यक्ष राम सिंह की मौजूदगी में अवतार सिंह के नाम की घोषणा की। प्रत्याशी की घोषणा के साथ ही पार्टी ने सितारगंज विधानसभा क्षेत्र में अपना चुनावी अभियान शुरू करने के संकेत दे दिए हैं। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष सेठपाल सिंह ने कहा कि पार्टी उत्तराखंड में संगठन का विस्तार करने के साथ आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी मजबूती से उतरने की तैयारी कर रही है। पार्टी प्रदेश की 40 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने की रणनीति बना रही है। इसी क्रम में हल्द्वानी विधानसभा सीट से प्रमिला देवी तथा सितारगंज विधानसभा सीट से अवतार सिंह को प्रत्याशी घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी आम जनता, गरीबों, वंचितों, किसानों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उल्लेखनीय है कि रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले केंद्र सरकार में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय में राज्य मंत्री हैं और उनकी पार्टी एनडीए का समर्थन करती है। ऐसे में सितारगंज सीट से प्रत्याशी घोषित किए जाने को क्षेत्र में पार्टी की राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वहीं प्रत्याशी घोषित होने के बाद अवतार सिंह ने पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में वह किसी राजनीतिक दिखावे के बजाय क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं और आम जनता की आवाज को अपना मुख्य मुद्दा बनाएंगे। उन्होंने किसानों के धान का भुगतान लंबित होने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि किसान दिन-रात मेहनत कर अपनी फसल तैयार करता है, लेकिन समय पर भुगतान नहीं मिलने से उसे आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में बढ़ती बेरोजगारी और गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को न्याय नहीं मिलने के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया। अवतार सिंह ने कहा कि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने, किसानों की समस्याओं को मजबूती से उठाने तथा गरीब और वंचित वर्ग को उनका अधिकार दिलाने के लिए वह संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान गांव-गांव और घर-घर जाकर जनता से संवाद किया जाएगा तथा क्षेत्र की समस्याओं को समझकर उन्हें चुनावी मुद्दा बनाया जाएगा। पार्टी नेतृत्व की ओर से सितारगंज सीट पर प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद अब क्षेत्र में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) की चुनावी गतिविधियों और संगठन विस्तार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

You missed