पंतनगर। 28 नवम्बर 2026। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर तथा ऑस्ट्रेलिया के वेस्टर्न सिडनी विश्वविद्यालय के मध्य शैक्षणिक सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। इस क्रम में नई दिल्ली स्थित द ललित होटल में दोनों विश्वविद्यालयों के बीच लेटर ऑफ रिकग्निशन (मान्यता पत्र) पर हस्ताक्षर किए गए। इस पहल से दोनों संस्थानों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए उच्च शिक्षा, शोध और शैक्षणिक आदान-प्रदान के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
इस मान्यता पत्र पर पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप तथा वेस्टर्न सिडनी विश्वविद्यालय, ऑस्ट्रेलिया की प्रोवोस्ट प्रो. डेबोरा स्वीनी ने हस्ताक्षर किए।
इस शैक्षणिक सहयोग के अंतर्गत दोनों विश्वविद्यालयों के बीच स्नातकोत्तर से स्नातकोत्तर तथा स्नातक से स्नातकोत्तर स्तर तक अध्ययन के अवसर विकसित किए जाएंगे। इसके तहत एमबीए (एग्रीबिजनेस), बिजनेस मैनेजमेंट के अन्य पाठ्यक्रमों तथा सतत जल प्रबंधन (सस्टेनेबल वाटर मैनेजमेंट) में परास्नातक स्तर पर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने की परिकल्पना की गई है। इसके अतिरिक्त कृषि, उद्यानिकी, कृषि अभियांत्रिकी एवं संबंधित विषयों में स्नातक की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों के लिए भी स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में प्रवेश के मार्ग प्रशस्त होंगे। इस सहयोग से विद्यार्थियों को छात्र गतिशीलता, उच्च शिक्षा, शैक्षणिक उन्नयन तथा अनुसंधान के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय अवसर प्राप्त होंगे। विशेष रूप से पंतनगर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को वेस्टर्न सिडनी विश्वविद्यालय में परास्नातक कार्यक्रमों में अध्ययन करने के लिए नए अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।
यह समझौता पंतनगर विश्वविद्यालय की अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहभागिता के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे कृषि एवं संबद्ध विषयों के विद्यार्थियों, विशेषकर कृषि व्यवसाय, प्रबंधन एवं संबंधित क्षेत्रों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक मार्ग विकसित होंगे। इस पहल से भारत और ऑस्ट्रेलिया के शैक्षणिक संस्थानों के बीच शिक्षा, अनुसंधान, विद्यार्थी आदान-प्रदान तथा ज्ञान के साझा प्रयासों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर पंतनगर विश्वविद्यालय के निदेशक अंतरराष्ट्रीय मामले डा. वी.सी. ध्यानी, अधिष्ठाता, कृषि व्यवसाय प्रबंधन महाविद्यालय डा. आर.एस. जादौन तथा उद्यानिकी विभाग के प्राध्यापक डा. रंजन श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
