रुद्रपुर। कुमाऊँ विश्वविद्यालय की खेलकूद प्रतियोगिता में सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुद्रपुर के बीए पंचम सेमेस्टर के छात्र आर्ष यादव ने हैमर थ्रो स्पर्धा में लगातार दूसरे वर्ष भी स्वर्ण पदक जीतकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। प्रतियोगिता का आयोजन 27.11.2026 को रुद्रपुर स्थित *मनोज सरकार स्टेडियम* में किया गया जिसमें विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
आर्ष यादव ने पिछले वर्ष की सफलता को दोहराते हुए इस वर्ष भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि के पीछे निरंतर अभ्यास, कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं खेल के प्रति समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
आर्ष यादव ने अपनी सफलता का श्रेय प्रोफेसर डॉ. सर्वजीत सिंह यादव के निरंतर सहयोग एवं मार्गदर्शन तथा महाविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष प्रोफेसर रुचि शाह एवं सहायक प्राध्यापक श्री लोकेश पांडेय के प्रोत्साहन और मार्गदर्शन को दिया है।
लगातार दो वर्षों तक विश्वविद्यालय स्तर पर स्वर्ण पदक प्राप्त करना न केवल आर्ष यादव की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि सरदार भगत सिंह राजकीय महाविद्यालय, रुद्रपुर एवं ऊधमसिंहनगर जनपद के लिए भी गौरव का विषय है।
उल्लेखनीय है कि *आर्ष यादव के पिता अनुराग सिंह उत्तराखण्ड पुलिस में कार्यरत हैं तथा वर्तमान में कोतवाली जसपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर के थाना प्रभारी के रूप में* कर्तव्यरत् हैं।
आर्ष यादव की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और खेल जगत में निरंतर सफलता की कामना की है।

