रुद्रपुर। गल्ला मंडी स्थित श्री पंचमुखी हनुमान बालाजी मंदिर में श्री पंचमुखी हनुमान बालाजी मंदिर समिति एवं श्री नीलकण्ठ धाम ट्रस्ट की ओर से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा से पूर्व शनिवार को शहर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। भजन-कीर्तन और धार्मिक जयकारों के बीच निकली कलश यात्रा से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कलश यात्रा श्री पंचमुखी हनुमान बालाजी मंदिर से शुरू हुई। यहां से यात्रा भगत सिंह चौक, मुख्य बाजार और पांच मंदिर होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में श्रद्धालु भजन गाते और भगवान के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। यात्रा के दौरान जगह-जगह भक्तिमय माहौल बना रहा। इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष गुलशन नरंग ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा 28 नवंबर से तीन दिसंबर तक आयोजित की जाएगी। कथा के दौरान श्रद्धालु भगवान की लीलाओं और भागवत के प्रसंगों का श्रवण करेंगे। उन्होंने बताया कि चार दिसंबर को दोपहर दो बजे पूर्णाहुति होगी। इसके बाद सत्संग प्रवचन और भंडारे का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से कथा में पहुंचकर धर्मलाभ लेने की अपील की। कलश यात्रा में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, तारा चन्द्र अग्रवाल, रौनिक नारंग, गुलशन नरंग, गगन वाधवा, सुनील चुघ, अजय नारायण सिंह, पवन अग्रवाल, सोनू अनेजा, शिवांश अग्रवाल, जतिन नागपाल, सुशील गावा, राजकुमार सीकरी, गोविंद राय, सतनाम सिंह, विजय जग्गा, विजय विरमानी, अभिषेक गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।