Spread the love

  • महापौर ने मंदिरों के आसपास विशेष सफाई और प्रकाश व्यवस्था के दिये निर्देश

रुद्रपुर। आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं अन्य निकटवर्ती त्योहारों को देखते हुए रुद्रपुर नगर निगम ने शहर के प्रमुख मंदिरों, पूजा स्थलों तथा उनके आसपास के मार्गों पर विशेष सफाई और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की तैयारी शुरू कर दी है। महापौर विकास शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर निगम के संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

महापौर विकास शर्मा ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के सभी प्रमुख मंदिरों एवं पूजा स्थलों के आसपास प्रतिदिन विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। धार्मिक स्थलों के निकट अतिरिक्त कूड़ेदान रखे जाएंगे और कूड़ा उठाने वाले वाहनों की आवाजाही भी बढ़ाई जाएगी, ताकि मंदिरों और उनके आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनी रहे। इसके साथ ही चूना, ब्लीचिंग पाउडर एवं सैनिटाइजेशन का छिड़काव भी समय से कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। इसे देखते हुए मंदिरों तक जाने वाले प्रमुख मार्गों और मंदिर परिसरों के आसपास सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम की टीमों को नियमित रूप से क्षेत्रों का निरीक्षण करने तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।

महापौर ने बताया कि स्वच्छता के साथ-साथ त्योहारों के दौरान प्रकाश व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नगर निगम के विद्युत अनुभाग को मंदिरों तक जाने वाले प्रमुख मार्गों और मंदिर परिसरों के आसपास लगी स्ट्रीट लाइटों का तत्काल निरीक्षण कर खराब लाइटों को ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर त्योहारों के दौरान निर्बाध प्रकाश व्यवस्था के लिए अस्थायी लाइटिंग की व्यवस्था भी की जाएगी।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी सहित सभी धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्व शहरवासियों के लिए आस्था और उत्साह का अवसर हैं। नगर निगम का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और रोशन वातावरण उपलब्ध हो तथा उन्हें मंदिरों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शहर की स्वच्छता और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए नगर निगम की टीमें पूरी तत्परता के साथ कार्य करेंगी।

उन्होंने शहरवासियों से भी अपील की कि धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें। पूजा एवं धार्मिक आयोजनों के बाद कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें और सार्वजनिक स्थलों को गंदा न करें। सामूहिक सहयोग से ही त्योहारों के दौरान शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखा जा सकता है।

नगर निगम की ओर से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों के तहत स्वास्थ्य अनुभाग को प्रमुख मंदिरों के आसपास विशेष सफाई अभियान, अतिरिक्त कूड़ेदान एवं कूड़ा उठान की व्यवस्था तथा चूना, ब्लीचिंग पाउडर और सैनिटाइजेशन का छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं विद्युत अनुभाग को प्रमुख मार्गों एवं मंदिर परिसरों की स्ट्रीट लाइटों का निरीक्षण कर खराब लाइटों को दुरुस्त करने तथा आवश्यकता के अनुसार अस्थायी लाइटिंग की व्यवस्था करने को कहा गया है।

महापौर ने कहा कि रुद्रपुर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकता है और त्योहारों के दौरान इस व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

You cannot copy content of this page