सितारगंज:(अश्वनी दीक्षित) नगर में आज सितारगंज टैक्सी मालिक एवं चालक वेलफेयर सोसाइटी के शुभारंभ कार्यक्रम का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया, जिसमें टैक्सी मालिकों, चालक भाइयों एवं सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोगों की बड़ी सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि यह संगठन टैक्सी मालिकों और चालकों के अधिकारों की रक्षा, उनके सम्मान, सुरक्षा, सामाजिक सहयोग एवं आर्थिक हितों को मजबूत करने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगा। लंबे समय से परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों को एक मजबूत मंच की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे अब यह सोसाइटी पूरा करने का कार्य करेगी। कार्यक्रम के दौरान संगठन की एकजुटता, आपसी भाईचारे एवं सेवा भावना को लेकर विशेष चर्चा हुई तथा चालक भाइयों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाने का संकल्प लिया गया। समारोह में मौजूद अतिथियों ने कहा कि टैक्सी चालक दिन-रात मेहनत कर लोगों को सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराते हैं, इसलिए उनके सम्मान और हितों की रक्षा समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष श्री कमल कुमार जिंदल, ब्लॉक प्रमुख सरदार उपकार सिंह बल, जिला महामंत्री श्री तरुण दत्ता, किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री अध्यक्ष श्री धीरेंद्र मिश्रा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष श्री राकेश सिंह, जिला कोषाध्यक्ष श्री रोशन अरोरा, श्री सतीश उपाध्याय, श्री गुरलाल सिंह चीमा एवं श्री श्याम सुंदर गोगना सहित अनेक गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को नई शुरुआत की शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि यह सोसाइटी भविष्य में चालक एवं टैक्सी मालिकों के हितों की सबसे मजबूत आवाज बनकर उभरेगी।
