रूद्रपुर। इन्द्रा कालोनी स्थित रामलीला मैदान में बाबा श्याम के लाडले परिवार की ओर से चतुर्थ भव्य श्री श्याम कृपा महोत्सव का आयोजन किया गया। संकीर्तन में पूरी रात श्यामप्रेमियों ने बाबा श्याम का भजनों से गुणगान किया और भक्ति रस में सराबोर रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ गूगा लाल सिंगला एवं मनोज सिंगला ने विधि-विधान के साथ ज्योति प्रज्वलित करके किया। इस धार्मिक अनुष्ठान में पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल ने भी सहभागिता की। उन्होंने बाबा श्याम की अखंड ज्योति के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और सभी के लिए सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर आयोजकों ने राजकुमार ठुकराल को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजकुमार ठुकराल ने कहा कि बाबा श्याम की भक्ति मनुष्य को शांति और संबल प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि संकीर्तन जैसे आयोजन समाज में एकता और धार्मिक चेतना का संचार करते हैं। संकीर्तन में विख्यात भजन गायक विवेक शर्मा, अजय शर्मा और कान्हा व्यास ने अपनी मधुर वाणी से एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए। नरेश म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों की सुरीली धुनों और भजनों की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया और लोग देर रात तक झूमने पर मजबूर हो गए। पूरे आयोजन के दौरान बाबा श्याम के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा। महोत्सव का मुख्य आकर्षण फूलों की होली रही, जिसमें श्रद्धालुओं ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया और भक्ति के रंगों में सराबोर नजर आए। कार्यक्रम के अंत में बाबा श्याम की भव्य आरती की गई और छप्पन भोग लगाकर प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर अंकित गुप्ता, रेखा अग्रवाल, राज अग्रवाल, वीरेन्द्र गुप्ता, सुरेश सचदेवा, मुकेश गोयल, चेतन चुघ, पंकज खुराना, आकाश अरोरा, विक्की चिलाना, शिव कुमार, दीपक नारंग, विजय छाबड़ा, उमेश कौशिक सहित बड़ी संख्या में श्याम प्रेमी और श्रद्धालु मौजूद रहे।

