अश्वनी दीक्षित
खबर पड़ताल सितारगंज-अमरिया रोड स्थित चीनी मिल नकटपुरा के पास शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया, जहां ग्राम फुलईया निवासी महज 18 वर्षीय नितिन की दर्दनाक मौत ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। इकलौता बेटा होने के साथ ही बुजुर्ग माता-पिता का सहारा बने नितिन की अकस्मात मौत से गांव में कोहराम मचा हुआ है और हर आंख नम है। जानकारी के अनुसार नितिन पिछले कुछ दिनों से मैनाझुंडी गांव में एक झोलाछाप डॉक्टर के यहां कंपाउंडर का काम कर रहा था घटना के दिन वह डॉक्टर की बाइक से बाजार सामान लेने गया था, लेकिन लौटते समय नकटपुरा के पास एक खतरनाक मोड़ पर तेज रफ्तार और लापरवाही से दौड़ रहे डंपर ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नितिन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने तत्काल उसे सरकारी अस्पताल सितारगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नितिन बेहद मेहनती और सरल स्वभाव का युवक था, जो अपने परिवार की जिम्मेदारियां उठाने में जुटा था, लेकिन एक पल की लापरवाही ने उसकी जिंदगी छीन ली। घटना के बाद जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार डंपर चालक की तलाश तेज कर दी है। यह हादसा एक बार फिर सड़कों पर बेलगाम दौड़ रहे भारी वाहनों और लापरवाह ड्राइविंग पर गंभीर सवाल खड़े करता है, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार को हमेशा के लिए गहरे दुख में धकेल दिया।

