Spread the love


किच्छा। किच्छा से बहेड़ी और किच्छा से रुद्रपुर मार्ग पर संचालित टेंपो वाहनों की मनमानी लगातार बढ़ती जा रही है। बिना वैध परमिट, ओवरलोडिंग और नियमों की खुली अनदेखी करते हुए टेंपो चालक बेखौफ सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जिससे आम जनता की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
जानकारी के अनुसार किच्छा से बहेड़ी संचालित कई टेंपो स्वामियों के पास उत्तराखंड से उत्तर प्रदेश में संचालन का वैध परमिट नहीं है, इसके बावजूद वाहन खुलेआम संचालित किए जा रहे हैं। इतना ही नहीं, चालक अपनी सीट पर दो से तीन सवारियां बैठा लेते हैं, जो मोटर वाहन नियमों का सीधा उल्लंघन है। वहीं पीछे की सीटों पर 8 से 10 सवारियां बैठाई जा रही हैं, जबकि परमिट में केवल 3 से 4 सवारियों की अनुमति है।
इसके अलावा अधिकांश टेंपो चालक बिना निर्धारित ड्राइविंग ड्रेस के वाहन चला रहे हैं, जिससे यह पहचानना भी मुश्किल हो जाता है कि चालक कौन है और सवारी कौन। हैरानी की बात यह है कि यह सब कुछ आम जनता को साफ दिखाई दे रहा है, लेकिन पलभट्ठा पुलिस, सुतिया स्थित आईटीओ विभाग की चौकी तथा संबंधित अधिकारियों को यह नजर नहीं आ रहा है। इससे प्रशासनिक कार्रवाई पर भी सवाल उठने लगे हैं।
यही स्थिति किच्छा से रुद्रपुर मार्ग पर भी देखने को मिल रही है। यहां भी टेंपो चालक बिना ड्राइविंग ड्रेस के वाहन चला रहे हैं और चालक सीट पर अतिरिक्त सवारियां बैठाई जा रही हैं। पीछे की सीटों पर क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर यात्रियों की जान जोखिम में डाली जा रही है।
इसके अतिरिक्त टेंपो चालक अधिकृत स्टैंड को छोड़कर किच्छा रेलवे स्टेशन के बाहर से खुलेआम सवारियां भरते हैं। यह नजारा आम जनता के सामने होता है, लेकिन किच्छा कोतवाली पुलिस, लालपुर चौकी पुलिस तथा आरटीओ विभाग के अधिकारियों द्वारा इस ओर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
लगातार बढ़ रही इस लापरवाही के चलते यात्रियों को मौत के मुंह में धकेला जा रहा है। क्षेत्रीय जनता ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि अवैध रूप से संचालित डग्गामार टेंपो वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और नियमों का पालन कराया जा सके।
जनता का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभागों और प्रशासन की होगी।

You cannot copy content of this page