तलवाड़ी-थराली। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फरस्वाण राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी-थराली में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत: विकसित भारत @2047’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि चमोली के पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता रणजीत सिंह तथा विशिष्ट अतिथि विधायक प्रतिनिधि, मंडल-थराली मोहन सिंह रावत रहे। इस अवसर पर विषयगत परिचर्चा के साथ विभिन्न प्रतियोगिताएँ एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मुख्य अतिथि रणजीत सिंह ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए आत्मनिर्भरता और रोजगार सृजन को प्राथमिकता देनी होगी। विकास की सार्थकता तभी है, जब रोजगार के अवसर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुँचें। विशिष्ट अतिथि मोहन सिंह रावत ने कहा कि निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए विभिन्न क्षेत्रों में समन्वित प्रयास आवश्यक हैं। इसके लिए शोध, तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और कौशल विकास पर आधारित शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना होगा। छात्र महासंघ के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप जोशी ने व्यक्तित्व निर्माण, एकता और सामूहिक प्रयासों के महत्त्व पर बल दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी प्राचार्य डॉ. तनु मित्तल ने विकसित भारत @2047 की परिकल्पना पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अपने सपनों का भारत बनाने के लिए गंभीर एवं सुनियोजित प्रयास आवश्यक हैं। इसके लिए जमीनी स्तर की समस्याओं को पहचानकर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाने होंगे।
कार्यक्रम का संचालन समन्वयक एवं हिंदी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. खेमकरण सोमन ने किया। राजनीति विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. ललित जोशी ने अतिथियों, प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
विकसित भारत @2047 की संकल्पना पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में बीए प्रथम सेमेस्टर की शकुंतला ने प्रथम, बीए तृतीय सेमेस्टर की किरन पिमोली एवं अंजली पुरोहित ने द्वितीय तथा बीए तृतीय सेमेस्टर की प्रियंका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बीए तृतीय सेमेस्टर की अनमोल एवं बीएससी पंचम सेमेस्टर की कोमल को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। भाषण प्रतियोगिता में एमए प्रथम सेमेस्टर की दीक्षा प्रथम, बीए तृतीय सेमेस्टर की अनमोल द्वितीय तथा बीएससी पंचम सेमेस्टर के मोहित तृतीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम के दौरान हर घर तिरंगा अभियान 2026 के अंतर्गत पूर्व में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। निबंध प्रतियोगिता में बीएससी पंचम सेमेस्टर की शिखा जोशी ने प्रथम, बीए तृतीय सेमेस्टर की अनमोल ने द्वितीय तथा बीएससी पंचम सेमेस्टर के मोहित ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बीए तृतीय सेमेस्टर की दीक्षा रावत एवं किरन पिमोली को सांत्वना पुरस्कार मिला। पोस्टर प्रतियोगिता में बीएससी पंचम सेमेस्टर की शिखा जोशी प्रथम, बीए प्रथम सेमेस्टर के दीपक देवराड़ी द्वितीय तथा बीए तृतीय सेमेस्टर के दीपक देवराड़ी तृतीय स्थान पर रहे। बीए तृतीय सेमेस्टर की अनमोल एवं बीएससी पंचम सेमेस्टर की रेनुका को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रियंका, किरन, हिमांशी, हेमन्ती एवं शकुंतला ने मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। साक्षी एवं भावना ने सहयोग किया। इस अवसर पर नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत सभी उपस्थित-जनों ने नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की शपथ ली। इस मौके पर कार्यक्रम की सह-संयोजक रजनी नेगी, डॉ. अनुराधा बिष्ट, डॉ. स्मिता तिवारी, डॉ. प्रतिभा आर्य, डॉ. पुष्पा रानी, डॉ. सुनील कुमार, रजनीश कुमार, मनोज कुमार, डॉ. जमशेद अंसारी, छात्रसंघ महासचिव तनुजा जोशी, उपाध्यक्ष मोहित सिंह, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि एवं महासंघ कोषाध्यक्ष दर्शन सिंह, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी नरेंद्र सिंह, प्रदीप कुमार, वरिष्ठ सहायक थान सिंह, सुमित कुमार, कनिष्ठ सहायक महिपाल सिंह शाह, हिमांशी, खुशी, हुकम सिंह रावत, नीतीश कुमार, ममता जोशी, मनोज देवराड़ी, दीपा रावत, ईशा रावत, भास्कर जोशी, भावना, प्रीति एवं गुड्डू सिंह सहित महाविद्यालय के अन्य छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
