त्योहारी सीजन में दुकानों के टूटने से रोजी-रोटी का संकट, नगर निगम और प्रशासन से जल्द जगह उपलब्ध कराने की मांग
रुद्रपुर, उधम सिंह नगर। रुद्रपुर रोडवेज के समीप स्थित विश्वकर्मा मार्केट से हटाए गए व्यापारियों ने पुनर्विस्थापन की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। प्रभावित दुकानदारों ने नगर निगम और जिला प्रशासन से जल्द से जल्द जगह चिन्हित कर उन्हें दोबारा बसाने की मांग उठाई है। व्यापारियों का कहना है कि त्योहारों का सीजन सिर पर है और ऐसे समय में उनकी दुकानें तोड़ दिए जाने से उनके सामने परिवार का भरण-पोषण करने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
धरने पर बैठे व्यापारियों ने कहा कि उनकी दुकानें हटाने से पहले उन्हें पुनर्विस्थापित करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक उन्हें बसाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। दुकानदारों का कहना है कि दुकानें ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन थीं। दुकानें उजड़ने के बाद उनकी आर्थिक स्थिति लगातार प्रभावित हो रही है और परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट गहराने लगा है।
व्यापारियों ने नगर निगम और प्रशासन से मांग की कि उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द पुनर्विस्थापन के लिए उचित स्थान चिह्नित किया जाए। उन्होंने कहा कि जब तक उन्हें कारोबार दोबारा शुरू करने के लिए जगह या दुकानें उपलब्ध नहीं कराई जातीं, तब तक उनके सामने आर्थिक परेशानियां बनी रहेंगी।
प्रभावित दुकानदारों ने प्रशासन से मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर उन्हें राहत दिलाने की अपील की है। अब देखना होगा कि व्यापारियों की पुनर्विस्थापन की मांग पर नगर निगम और प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।
