काशीपुर। जनपद उधमसिंह नगर में अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत क्षेत्र तीन काशीपुर, क्षेत्र चार बाजपुर तथा जनपदीय प्रवर्तन दल की संयुक्त टीम ने विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की।
अभियान के दौरान जसपुर क्षेत्र के ग्राम कलियावाला में सुरेंद्र सिंह पुत्र जीत सिंह के कब्जे से नौ लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इसी गांव में चरण सिंह उर्फ चिंटू पुत्र गुरदीप सिंह के कच्ची शराब पैकिंग के अड्डे पर छापेमारी कर करीब 225 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।
काशीपुर क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ी में अवैध कच्ची शराब का निर्माण करते हुए चार भट्ठियां पकड़ी गईं। टीम ने मौके पर करीब 11000 किलोग्राम लहन नष्ट किया तथा 155 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की।
इसके अलावा ग्राम शिवलालपुर अमरझंडा में अवैध कच्ची शराब के परिवहन के मामले में 40 लीटर शराब बरामद करते हुए एक मोटरसाइकिल जब्त की गई।
प्रवर्तन टीम के अनुसार सभी मामलों में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

