पन्तनगर क्षेत्र में दहशत, दो दिन पहले भी दो लोगों की ले चुका है जान; वन विभाग और पुलिस मौके पर तैनात
पन्तनगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत टांडा रेंज के जंगल में टस्कर हाथी का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 72 घंटे के भीतर तीसरी हृदय विदारक घटना सामने आई है, जिसमें गंगापुर पटिया बीट में एक महिला को हाथी ने पटक-पटक कर मार डाला। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, तराई केंद्रीय वन प्रभाग की टांडा रेंज के अंतर्गत शाह पठानी खत्ते के समीप गंगापुर पटिया बीट में जंगल से लकड़ी लेने गई तीन महिलाओं पर अचानक एक डेड दांत वाला टस्कर हाथी हमला कर बैठा। हाथी को देखकर तीनों महिलाएं जान बचाने के लिए जंगल की ओर भागीं, लेकिन हाथी ने 60 वर्षीय मैंना देवी पत्नी स्वर्गीय बाबूलाल को दौड़ाकर पकड़ लिया और सूंड से पटकने के बाद पैरों से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया।
घटना के बाद साथ गई अन्य महिलाएं बदहवास हालत में कॉलोनी पहुंचीं और लोगों को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी और हाथी जंगल की ओर जा चुका था। मृतका पंतनगर की झा कॉलोनी की निवासी बताई जा रही है, जिसके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा हैं।
घटना की सूचना पर प्रभागीय वन अधिकारी उमेश चंद्र तिवारी, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, टांडा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी रूप नारायण गौतम तथा पंतनगर कोतवाली पुलिस के उपनिरीक्षक दिनेश रावत सहित भारी संख्या में वनकर्मी और पुलिस बल मौके पर पहुंच गए।
गौरतलब है कि इससे पहले दो दिन पूर्व भी इसी हाथी ने सांप पठानी क्षेत्र में खेत में सो रहे दो लोगों को मार डाला था, जिनमें से एक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है।घटना के बाद मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने वन विभाग के माध्यम से तत्काल अंतिम संस्कार के लिए 10 हजार रुपये की सहायता दिलाई तथा वन्यजीव हमले में मृत्यु पर मिलने वाली 10 लाख रुपये की सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए रुद्रपुर भेज दिया है।


