Spread the love


रिपोर्टर अश्वनी दीक्षित
खबर पड़ताल

सितारगंज शिक्षक दिवस के अवसर पर भारत विकास परिषद सितारगंज की ओर से सरस्वती शिशु मंदिर सितारगंज में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के शिक्षकों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं वरिष्ठ समाजसेवी अजीत सिंह जोशन, अमित गोयल, विद्यालय अध्यक्ष नरेश कंसल, पवन वडसीवाल एवं शिवपाल सिंह चौहान ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यालय अध्यक्ष नरेश कंसल ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों से अपने गुरुजनों का सदैव सम्मान करने और उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं द्वितीय राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 5 सितंबर को उनकी जयंती शिक्षक दिवस के रूप में मनाई जाती है और शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन के स्तंभ एवं मार्गदर्शक होते हैं, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव तैयार करते हैं। मुख्य अतिथि अजीत सिंह जोशन ने शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए विद्यार्थियों से शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना रखने तथा अनुशासन के साथ शिक्षा ग्रहण करने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यालय की साज-सज्जा एवं आवश्यक सुविधाओं के लिए 25 हजार रुपये देने की घोषणा की। वहीं बच्चों की सुविधा और गर्मी से राहत के लिए विद्यालय के बड़े हॉल में चार एसी लगवाने की घोषणा विद्यालय पदाधिकारियों नरेश कंसल, पवन वडसीवाल, शिवपाल सिंह चौहान एवं भारत भूषण जिंदल द्वारा की गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया, जिसकी सभी ने सराहना की। कार्यक्रम में महेश मित्तल, भारत भूषण जिंदल, अधिवक्ता ए.पी. शुक्ला, प्रधानाचार्य देव सिंह बिष्ट, आचार्य चंद्रभान, कीर्ति वल्लभ गहतोड़ी, मनोज, दिव्या, दीपाली सहित विद्यालय के शिक्षक, पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य देव सिंह बिष्ट ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। अंत में विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।

You cannot copy content of this page