रिपोर्टर अश्वनी दीक्षित
खबर पड़ताल
सितारगंज में दो माह बाद भी नाबालिग बालिका की बरामदगी न होने पर आशा वर्कर्स यूनियन में आक्रोश सितारगंज, 5 सितंबर 2026।नाबालिग बालिका की गुमशुदगी के करीब दो माह बाद भी बरामदगी न होने से आक्रोशित ऐक्टू से संबद्ध उत्तराखंड आशा हेल्थ वर्कर्स यूनियन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शनिवार को नारेबाजी करते हुए उपजिलाधिकारी को पटवारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से बालिका की जल्द सकुशल बरामदगी और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की गई।ज्ञापन में कहा गया कि 6/7 जुलाई 2026 को सितारगंज से 13 वर्षीय नाबालिग बालिका लापता हो गई थी। बालिका की मां ने 7 जुलाई को सितारगंज थाने में इसकी तहरीर दी थी। यूनियन के पदाधिकारियों के अनुसार, पुलिस की प्रारंभिक जांच में सितारगंज के एक रेस्टोरेंट में काम करने वाले सागर नामक करीब 30 वर्षीय युवक पर बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने का संदेह सामने आया था। उनका आरोप है कि कार्रवाई के बावजूद अभी तक बालिका का पता नहीं लगाया जा सका है।यूनियन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए नाबालिग बालिका की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और कहा कि यदि जांच में यौन अपराध से संबंधित तथ्य सामने आते हैं तो संबंधित कार्रवाई की जानी चाहिए। संगठन ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करते हुए बालिका की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी की मांग की।ज्ञापन में बालिका की मां के साथ कथित तौर पर थाने में असंवेदनशील व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया गया। यूनियन के अनुसार, बालिका की मां स्वास्थ्य विभाग में आशा वर्कर हैं और बेटी के लंबे समय से लापता होने के कारण मानसिक तनाव से गुजर रही हैं। उनका कहना है कि वह लगातार थाने के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन अब तक बेटी की बरामदगी नहीं हो सकी है यूनियन ने उपजिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश देने तथा बालिका को जल्द से जल्द सकुशल बरामद कराने की मांग की।ज्ञापन सौंपने वालों में यूनियन की उपसचिव एवं ऐक्टू जिला सचिव अनिता अन्ना, भाकपा (माले) के जिला सचिव ललित मटियाली, छात्र संगठन आइसा के राज्य सचिव धीरज कुमार, किसान सभा (लोकतंत्र) के जिला संयोजक जगीर सिंह, आशा वर्कर खुशनुमा, ममता, कंचन गुप्ता, अंगूरी देवी, फूलमती, मोबिना बी.सलमान, जुनेद सिद्दीकी, फिरोज, अनस अहमद, रिहान सहित कई लोग मौजूद रहे।
