Spread the love


खबर पड़ताल

सितारगंज स्कूल से घर नहीं लौटीं तीन नाबालिग बालिकाएं, 24 घंटे में पुलिस ने हापुड़ से किया सकुशल बरामद,सीसीटीवी फुटेज और सुरागरसी-पतारसी बनी मददगार, परिजनों के सहयोग से पुलिस ने तेज की तला दिल्ली घूमने के लिए घर से निकली थीं बालिकाएं।
सितारगंज स्कूल जाने के बाद अचानक लापता हुईं तीन नाबालिग बालिकाओं की सकुशल बरामदगी कर सितारगंज पुलिस ने बड़ी राहत दिलाई है। पुलिस की तत्परता, तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी फुटेज, सुरागरसी-पतारसी और परिजनों के लगातार सहयोग के चलते तीनों बालिकाओं को महज 24 घंटे के भीतर हापुड़ बस स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया गया। बालिकाओं के मिलने की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने पुलिस टीम का आभार जताया। प्राप्त जानकारी के अनुसार 3 सितंबर को तीनों नाबालिग बालिकाएं रोजाना की तरह स्कूल जाने के लिए अपने घरों से निकली थीं। स्कूल की छुट्टी होने के बाद भी जब वे घर वापस नहीं पहुंचीं तो परिजन चिंतित हो उठे। उन्होंने पहले स्कूल, आसपास के इलाकों, परिचितों और रिश्तेदारियों में बालिकाओं की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर देर रात पुलिस को सूचना दी गई। मामला नाबालिग बालिकाओं से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल अभियोग पंजीकृत कर तलाश शुरू कर दी। एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों को तीनों बालिकाओं की शीघ्र एवं सकुशल बरामदगी के लिए तत्काल निर्देश दिए। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर एवं क्षेत्राधिकारी सितारगंज के निरंतर मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मोर्चा संभाला। पुलिस ने परिजनों के साथ लगातार संपर्क एवं समन्वय स्थापित करते हुए विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, संभावित मार्गों और ठिकानों की जानकारी जुटाई तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ के साथ सुरागरसी-पतारसी तेज कर दी। पुलिस टीम द्वारा हर संभावित पहलू को ध्यान में रखते हुए लगातार प्रयास किए गए, जिसका परिणाम यह रहा कि महत्वपूर्ण सुराग मिलने के बाद पुलिस टीम हापुड़ बस स्टेशन तक पहुंची और वहां से तीनों बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ के दौरान बालिकाओं ने बताया कि वे दिल्ली घूमने के उद्देश्य से घर से निकली थीं। बालिकाओं के सकुशल मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी की। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस और परिजनों के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता के चलते एक बड़ी चिंता का समय रहते समाधान हो गया। सफल बरामदगी में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जाविद मलिक, अपर उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह दानू, हेड कांस्टेबल मतलूब खान तथा कांस्टेबल कमल गहतोड़ी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

You cannot copy content of this page