– महापौर ने नगर निगम की टीम के साथ किया सर्वे
– गड्ढे भरने के साथ नई सड़कें बनाने का भी ऐलान
रुद्रपुर। शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के अभियान के तहत अब एलायंस सोसाइटी की सड़कों की भी सूरत बदलेगी। नगर निगम की टीम के साथ सोसाइटी का सर्वे करने पहुंचे महापौर विकास शर्मा ने खराब सड़कों पर पेंचवर्क कराने के साथ ही दूसरे गेट से जुड़ने वाली मुख्य सड़क को नए सिरे से बनाने का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि सड़क मरम्मत के लिए सामग्री मौके पर पहुंच चुकी है और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जल्द काम शुरू कराया जाएगा। महापौर ने भरोसा दिलाया कि 30 अक्टूबर तक शहर में गड्ढामुक्त अभियान पूरा करने का लक्ष्य है। इसके बाद नई सड़कों के निर्माण कार्यों में भी तेजी लाई जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चल रहे अभियान के तहत महापौर विकास शर्मा ने एलायंस सोसाइटी पहुंचकर स्थानीय निवासियों के साथ सड़कों की स्थिति का जायजा लिया। सोसाइटी के वरिष्ठ नागरिक एवं सीए हरनाम चौधरी ने महापौर को यहां की सड़कों पर बने गड्ढों की समस्या से अवगत कराया था। इसके बाद महापौर नगर निगम की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्रभावित स्थानों का सर्वे किया। इस दौरान सोसाइटी के अध्यक्ष राजू मुंजाल सहित अन्य वरिष्ठ नागरिक भी मौजूद रहे।
सर्वे के दौरान सोसाइटी की आंतरिक सड़कों पर बने गड्ढों को भरने के लिए तत्काल कार्ययोजना बनाई गई। महापौर ने बताया कि एलायंस में जल्द ही गड्ढों को भरने का काम शुरू कराया जाएगा। इसके लिए आवश्यक सामग्री मौके पर पहुंच चुकी है। वहीं, सोसाइटी के दूसरे गेट से जुड़ने वाली बीच की मुख्य सड़क की हालत अधिक खराब होने के कारण उसे केवल पेंचवर्क से दुरुस्त करने के बजाय नए सिरे से बनाने का निर्णय लिया गया है। महापौर ने कहा कि गड्ढों से नागरिकों को परेशानी न हो, इसके लिए मरम्मत कार्यों में तेजी लाई जाएगी और नई सड़क बनाकर सोसाइटीवासियों को समर्पित की जाएगी।
महापौर ने कहा कि शहर के किसी भी क्षेत्र में सड़क पर गड्ढे नजर नहीं आने चाहिए। इसी उद्देश्य से आवास विकास, आदर्श कॉलोनी, गल्ला मंडी और सुभाष कॉलोनी में अभियान चलाया जा रहा है। इसके बाद मेट्रोपोलिस, एलायंस और मॉडल कॉलोनी सहित अन्य क्षेत्रों में भी सड़कों को दुरुस्त कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय नागरिकों की समस्याओं और सड़कों की वास्तविक स्थिति के आधार पर प्राथमिकता तय की जा रही है, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
महापौर विकास शर्मा ने बताया कि गड्ढामुक्त अभियान के साथ शहर में नई सड़कों के निर्माण की तैयारी भी चल रही है। लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से हॉटमिक्स सड़कों के कार्यों के टेंडर पहले ही जारी किए जा चुके हैं। इसके अलावा हाल ही में 11.50 करोड़ रुपये की लागत वाले 76 विकास कार्यों के टेंडर भी जारी किए गए हैं। इन कार्यों के शुरू होने से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क निर्माण और आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने बताया कि इससे पहले 56 सड़कों के कार्यों के टेंडर जारी किए गए थे, जिसके बाद 72 सड़कों के कार्यों की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। अब तीसरे चरण में 76 विकास कार्यों के टेंडर जारी किए गए हैं। नगर निगम का प्रयास है कि सड़क मरम्मत के साथ-साथ नई सड़कों के निर्माण को भी गति दी जाए, जिससे शहरवासियों को लंबे समय तक बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।
महापौर ने बताया कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए गंगापुर रोड और भूरारानी रोड के चौड़ीकरण की दिशा में भी काम किया जा रहा है। इसके अलावा अटरिया मोड़ से इंदिरा कॉलोनी तक नई सड़क बनाने की योजना भी प्रक्रिया में है। उन्होंने कहा कि गंगापुर रोड की परियोजना का शासनादेश जारी हो चुका है, जबकि अटरिया से इंदिरा कॉलोनी तक प्रस्तावित सड़क की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में रुद्रपुर को आदर्श शहर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार की योजनाओं को शहर में धरातल पर उतारने के साथ विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने एलायंस सोसाइटी के निवासियों को आश्वस्त किया कि यहां की सड़कों को जल्द गड्ढामुक्त किया जाएगा और खराब मुख्य सड़क का नए सिरे से निर्माण कराकर उन्हें बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इस दौरान सोसाइटी के अध्यक्ष राजू मुंजाल,हरनाम चौधरी, साहिल, आशीष अरोरा, एस.के. गुप्ता, ओम सचदेवा,परमजीत पम्मा, योगेश सेठी, राजेश नागपाल, मनीष छाबड़ा, पुरुषोत्तम छाबड़ा, मनीष कुमार गगनेजा, पवन राणा, बीनू, नूरुद्दीन, हरजीत राठी, संजीव शर्मा और मुकेश वशिष्ठ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

