Spread the love

रुद्रपुर। ग्रीन पार्क स्थित भारतीय योग संस्थान के अंतर्गत संचालित पांच दिवसीय मोटापा रोग निवारण शिविर के पांचवें एवं अंतिम दिन का शुभारंभ मातृशक्ति द्वारा प्रस्तुत मर्मस्पर्शी प्रार्थना के साथ हुआ। शिविर में ग्रीन पार्क, एलाइंस कॉलोनी, मॉडल कॉलोनी, सिटी वन कॉलोनी सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।
शिविर में अमर योग क्लब रुद्रपुर से श्री अशोक कालरा तथा किच्छा से भूपाल सिंह नेगी के नेतृत्व में पहुंची टीम की उपस्थिति ने आयोजन को और भी प्रेरणादायक बना दिया। शिविर के सफल संचालन में ग्रीन पार्क की श्रीमती सुमन यादव, डॉ. श्रीमती रेखा यादव, ग्रीन पार्क सोसाइटी के अध्यक्ष सरदार गुरमेल सिंह तथा केंद्र प्रमुख श्री तुलसीराम वर्मा के विशेष प्रयास रहे। वहीं जिला प्रधान श्री रमेश गंगवार की प्रबंधन कुशलता भी सराहनीय रही।
शिविर के दौरान योगाभ्यास का प्रतिभागियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला। मॉडल कॉलोनी निवासी युवक देवांश, जो पहले अपनी शारीरिक क्षमताओं का पूर्ण उपयोग करने में असमर्थ था, अब नियमित योगाभ्यास के प्रभाव से अधिकांश योगासनों को सहजता और कुशलता से करने लगा है।
समापन अवसर पर सभी शिविरार्थियों ने नियमित रूप से योग केंद्र में आकर योग, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास करने तथा अपने आहार-विहार में सुधार लाने का संकल्प लिया। प्रतिभागियों ने शिविर को अत्यंत प्रभावकारी एवं प्रेरणादायक बताया।
इस अवसर पर श्रीमती नीलम राय, पत्नी डॉ. बी.डी. राय का जन्मदिन भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उपस्थित लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा अमृत पेय एवं प्रसाद वितरण किया गया।
कार्यक्रम के अंत में जिला मंत्री चौधरी महावीर सिंह ने भारतीय योग संस्थान द्वारा उपलब्ध कराई जा रही योग सामग्री की जानकारी देते हुए आवश्यकतानुसार उसका लाभ उठाने के लिए लोगों को प्रेरित किया। प्रसाद वितरण के साथ शिविर का विधिवत समापन हुआ।

You missed

You cannot copy content of this page