Spread the love

रुद्रपुर। नगर निगम वार्ड संख्या 32 के अनेकों नागरिकों ने कांग्रेस पार्षद गौरव गिरी के नेतृत्व में विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता का घेराव कर क्षेत्र में व्याप्त विद्युत संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

इस अवसर पर पार्षद गौरव गिरी ने कहा कि वार्ड संख्या 32 नगर निगम का शहरी क्षेत्र होने के बावजूद यहां ग्रामीण क्षेत्रों की भांति घंटों अघोषित विद्युत कटौती की जा रही है। इसके साथ ही क्षेत्र में लगातार लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है, जिसके कारण लोगों के घरेलू विद्युत उपकरण आए दिन खराब हो रहे हैं और आमजन को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि हंस विहार फेज-1, हंस विहार फेज-2, डिवाइन पार्क, आनंदम तथा फौजी मटकोटा सहित पूरे वार्ड में बार-बार हो रही अघोषित बिजली कटौती से क्षेत्रवासी अत्यंत परेशान हैं। भीषण गर्मी के बीच बिजली की अनियमित आपूर्ति से बच्चों, बुजुर्गों एवं महिलाओं को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे क्षेत्र में भारी रोष व्याप्त है।

पार्षद गौरव गिरी ने अधिशासी अभियंता से मांग की कि सम्पूर्ण वार्ड संख्या 32 को शहरी विद्युत आपूर्ति व्यवस्था से जोड़ा जाए, विद्युत आपूर्ति को नियमित किया जाए तथा बढ़ते विद्युत भार को देखते हुए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की शीघ्र स्थापना की जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही क्षेत्र की विद्युत समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी जनहित में व्यापक जनआंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।

इस मौके पर संजय जुनेजा, मोहन खेड़ा, चेतन भट्ट,राकेश नौटियाल, विजय नेगी, नंदन सिंह रावत, विजय नेगी, देवेंद्र चौहान, संजय कुमार, तरुण गिरी, माधवी अधिकारी, कलावती अधिकारी, दुर्गा सुयाल,कमल राणा, चंद्र सुयाल,विमला पालीवाल, विमला देवी, खेम सिंह कोटिया, सतीश बुढकोटी, गंगा सिंह भंडारी सहित दर्जनों नागरिक उपस्थित थे

You cannot copy content of this page