रुद्रपुर। रेनबो पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर के लिए यह अत्यंत गर्व एवं हर्ष का विषय है कि विद्यालय की कक्षा 11 की मेधावी छात्रा यामिनी भट्ट का चयन मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम के लिए हुआ है। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित निबंध लेखन प्रतियोगिता का विषय “उत्तराखंड ऑफ माई ड्रीम्स, माई विजन फॉर ए डेवलप्ड स्टेट (उत्तराखंड मेरे सपनों का, विकसित राज्य के लिए मेरा विजन) रखा गया था। इस प्रतियोगिता में यामिनी भट्ट ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर से चयनित दो विद्यार्थियों में अपना स्थान बनाया है। अब वह 18 सितंबर 2026 को देहरादून में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में रुद्रपुर का प्रतिनिधित्व करेंगी।
इस प्रतियोगिता में पूरे उत्तराखंड से लगभग 2,800 विद्यालयों के कक्षा 11 एवं 12 के लगभग 3 लाख विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। चयन की विभिन्न प्रक्रियाओं के बाद प्रदेश के विभिन्न नगरों एवं क्षेत्रों से मात्र 140 विद्यार्थियों का चयन देहरादून में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए किया गया है। इतने बड़े स्तर पर हुई प्रतियोगिता में यामिनी का चयन विद्यालय के लिए गौरव की बात है।
यामिनी भट्ट की इस सफलता ने उनकी रचनात्मक सोच, लेखन प्रतिभा, सामाजिक एवं विकास संबंधी विषयों के प्रति जागरूकता तथा उत्तराखंड के उज्ज्वल भविष्य के प्रति उनकी सोच को प्रदर्शित किया है।
इस उपलब्धि पर रेनबो पब्लिक स्कूल के प्रबंधन श्री संजीव कुमार, प्रधानाचार्य श्री संजय कुमार अग्रवाल, उपप्रधानाचार्या सुश्री स्मिता पाठक, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने यामिनी भट्ट और उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई दी। प्रधानाचार्य ने कहा कि यामिनी की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी अपनी प्रतिभा को पहचानने तथा विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित करेगी।
विद्यालय परिवार ने यामिनी भट्ट को 18 सितंबर को देहरादून में रुद्रपुर का प्रतिनिधित्व करने के लिए शुभकामनाएँ दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
