*विधायक शिव अरोरा ने सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अपने कार्यालय पर की समीक्षा बैठक, टेंडर प्रक्रिया पूर्ण, मातेश्वरी कंस्ट्रक्शन को मिला कार्य*

 

रुद्रपुर। रुद्रपुर शहर की वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। बरसात के मौसम में जलभराव से जूझने वाले रुद्रपुर शहर को अब इस गंभीर समस्या से निजात मिलने जा रही है। विधायक शिव अरोरा के प्रयासों से प्रस्तावित 786.73 करोड़ रुपये के महत्वाकांक्षी मास्टर ड्रेनेज प्लान का प्रथम चरण अब धरातल पर उतरने जा रहा है। प्रथम चरण में 441.79 करोड़ रुपये की धनराशि से निर्माण एवं संबंधित कार्य किए जाएंगे। दिसंबर 2026 के प्रथम सप्ताह से इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण कार्य प्रारंभ करने का लक्ष्य रखा गया है।

मास्टर ड्रेनेज प्लान की प्रगति और निर्माण कार्य की तैयारियों को लेकर विधायक शिव अरोरा ने सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अपने कार्यालय में समीक्षा बैठक की। बैठक में अधिकारियों ने योजना की वित्तीय स्वीकृति, निविदा प्रक्रिया, निर्माण कंपनी को जारी लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) और विभिन्न विभागों की यूटिलिटी शिफ्टिंग सहित सभी महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी विधायक को दी।

 

विधायक शिव अरोरा ने बताया कि रुद्रपुर शहर में जलभराव की समस्या वर्षों पुरानी है। प्रत्येक बरसात में शहर के अनेक क्षेत्र जलमग्न हो जाते हैं, जिससे आम नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने जनता से इस समस्या का स्थायी समाधान करने का संकल्प लिया था। इसी क्रम में उनके प्रस्ताव पर वीके इंफ्राटेक कंपनी द्वारा रुद्रपुर शहर का सर्वे कराया गया। इसके पश्चात वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष रुद्रपुर के लिए व्यापक मास्टर ड्रेनेज प्लान तैयार करने का प्रस्ताव रखा गया। डिजाइन, डीपीआर और विभिन्न तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं के बाद 786.73 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना को स्वीकृति मिली।

 

विधायक ने बताया कि पूरी परियोजना को दो चरणों में धरातल पर उतारा जाएगा। प्रथम चरण के लिए 441.79 करोड़ रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है, जबकि द्वितीय चरण के लिए लगभग 344.94 करोड़ रुपये का प्रावधान है। प्रथम चरण में 390.39 करोड़ रुपये के मुख्य निर्माण कार्य की निविदा प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। सिंचाई विभाग द्वारा मातेश्वरी कंस्ट्रक्शन, औरंगाबाद (बिहार) को लेटर ऑफ इंटेंट जारी किया गया है। विभागीय पत्र के अनुसार मुख्य निर्माण कार्य की निविदा धनराशि 390 करोड़ 39 लाख 38 हजार 347 रुपये (जीएसटी सहित) है।

 

विधायक ने बताया कि प्रथम चरण की शेष लगभग 51.40 करोड़ रुपये की धनराशि यूटिलिटी शिफ्टिंग के कार्यों पर खर्च की जाएगी। इसके अंतर्गत बिजली विभाग, जल संस्थान, टेलीफोन विभाग सहित अन्य संबंधित विभाग अपनी लाइनों को आवश्यकतानुसार शिफ्ट करेंगे, ताकि ड्रेनेज निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और परियोजना का काम सुचारू रूप से आगे बढ़ सके।

 

उन्होंने कहा कि सिंचाई विभाग द्वारा निविदा संबंधी प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। विभाग की ओर से जारी LOI में निर्माण कंपनी को लगभग 11.83 करोड़ रुपये की अतिरिक्त एवं परफॉर्मेंस सिक्योरिटी निर्धारित शर्तों के अनुसार जमा कराने तथा अन्य औपचारिकताएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। अगले दो सप्ताह में कंपनी और विभाग के बीच आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद दिसंबर 2026 के प्रथम सप्ताह से निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी है।

 

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि रुद्रपुर की जनता से किया गया जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान का वादा अब साकार होने जा रहा है। एक विधायक के कार्यकाल में इतनी बड़ी परियोजना का प्रस्ताव तैयार होना, उसकी डीपीआर स्वीकृत होना, वित्तीय स्वीकृति मिलना, निविदा प्रक्रिया पूर्ण होना और अब निर्माण कार्य प्रारंभ होने की स्थिति तक पहुंचना अपने आप में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार की विकास के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है।

 

उन्होंने कहा कि इस परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए उन्होंने विधानसभा सत्र से लेकर मुख्यमंत्री और विभागीय मंत्री तक लगातार प्रयास किए। समय-समय पर अधिकारियों के साथ बैठकें कीं और रुद्रपुर की इस गंभीर समस्या को सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया। आज उन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने है और जल्द ही शहर में निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है।

 

विधायक शिव अरोरा ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने और धरातल पर उतारने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विशेष आभार व्यक्त किया। साथ ही सांसद अजय भट्ट एवं प्रदेश के सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज का भी सहयोग के लिए धन्यवाद किया।

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में लगातार एक के बाद एक बड़ी विकास परियोजनाएं धरातल पर उतर रही हैं। मास्टर ड्रेनेज प्लान रुद्रपुर के भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इससे बरसात में होने वाले जलभराव से स्थायी राहत मिलने के साथ ही शहर की जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी और सुनियोजित शहरी विकास को नई दिशा मिलेगी।

 

बैठक मे अधीक्षण अभियंता प्रमोद कुमार दीक्षित, अधिशासी अभियंता भरत सिंह डांगी, एसडीओ विनोद कुमार, मयंक कक्कड़ मौजूद रहे।

2348507.jpg