किच्छा। विधायक तिलक राज बेहड़ ने समस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं से 4 एवं 5 जून को नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे के दौरान आयोजित कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर उन्हें सफल बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि 4 जून को राहुल गांधी अल्मोड़ा में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे तथा इसके उपरांत पौड़ी में पूर्व सैनिक सम्मेलन में प्रतिभाग करेंगे। वहीं 5 जून को देहरादून में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सैनिक प्रकोष्ठ एवं विभिन्न संगठनात्मक इकाइयों के साथ बैठकें करेंगे।
इसके उपरांत विधायक तिलक राज बेहड़ ने अपने किच्छा कार्यालय में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के तहत क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान वार्ड संख्या-19 के निवासियों ने दिल्ली टेंट हाउस से फारूक गोटिया तक सड़क निर्माण कराए जाने की मांग रखी। वहीं वार्ड संख्या-19 निवासी सेम मियां ने सड़क निर्माण तथा नजीमाबाद पहाड़ी कॉलोनी निवासी अमरजीत सिंह ने सड़क निर्माण की मांग विधायक के समक्ष रखी। इसके अतिरिक्त वार्ड संख्या-18 के निवासियों ने मकसूद वाली गली स्थित स्कूल से अनवर के घर तक सड़क निर्माण कराए जाने की मांग की। किच्छा निवासी ललिता ने आवास संबंधी समस्या से अवगत कराया।
इस अवसर पर विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि प्रत्येक वर्ष की भांति वे विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों एवं गांवों में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर जनता से सीधा संवाद स्थापित करेंगे। यह जनसंवाद अभियान लगभग एक माह तक चलेगा, जिसके अंतर्गत क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड एवं गांव में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी तथा उनके निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रमों के दौरान पूर्ण हो चुके विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया जाएगा तथा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर उनकी प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा की जाएगी। जनसंवाद अभियान का उद्देश्य विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है।
विधायक बेहड़ ने कहा कि जनता से सीधा संवाद ही विकास की प्राथमिकताओं को समझने का सबसे प्रभावी माध्यम है और क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के दौरान प्राप्त सभी समस्याओं का संज्ञान लेते हुए विधायक बेहड़ ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
