गदरपुर। कोतवाली गदरपुर क्षेत्र के सरोवर नगर में लाखों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। पीड़ित अखलाक अहमद ने 20 जून को ही कोतवाली में लिखित तहरीर देकर घर में हुई बड़ी चोरी की सूचना दी थी, लेकिन पुलिस ने करीब 10 दिन बाद मुकदमा दर्ज किया।
तहरीर के अनुसार 19 जून की रात करीब एक से तीन बजे के बीच अज्ञात चोरों ने घर की पिछली दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लगभग 3.5 तोला सोना, 1750 ग्राम चांदी तथा 1.15 लाख रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लगा। इसी रात गांव के इमरान पुत्र कलुआ के घर में भी चोरी की घटना होने का उल्लेख तहरीर में किया गया है।
पीड़ित का आरोप है कि समय रहते मुकदमा दर्ज न होने से पुलिस की शुरुआती जांच प्रभावित हुई और चोरों तक पहुंचने का महत्वपूर्ण समय निकल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरी जैसी गंभीर वारदात में तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की जानी चाहिए थी, लेकिन इस मामले में पुलिस की ढिलाई ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
करीब दस दिन बाद मुकदमा दर्ज होने के बाद अब पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी होने का दावा कर रही है। हालांकि, अभी तक न तो चोरी गया सामान बरामद हुआ है और न ही किसी आरोपी की गिरफ्तारी हो सकी है। ग्रामीणों ने मामले का शीघ्र खुलासा कर चोरी गए जेवरात और नकदी बरामद करने की मांग की है।
