मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई, चोरी की बाइक बरामद कर आरोपी को भेजा न्यायालय
गदरपुर। उधम सिंह नगर पुलिस द्वारा चोरी की घटनाओं के खुलासे को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली गदरपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चोरी की दो मोटरसाइकिलों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से गदरपुर क्षेत्र से चोरी हुई एक मोटरसाइकिल सहित कुल दो बाइक बरामद की गई हैं।
जानकारी के अनुसार, 29 जून 2026 को ग्राम झगड़पुरी निवासी अजीम पुत्र मोहम्मद शफी ने अपनी मोटरसाइकिल संख्या UK06BD-7075 के इतवार बाजार रामजीवनपुर से चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर कोतवाली गदरपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर 30 जून को दिनेशपुर रोड अंडरपास के पास चीनी मिल रोड से आरोपी बिक्की बजाज पुत्र ठाकुर दास निवासी लालपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने रुद्रपुर के जगतपुरा क्षेत्र से एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर गदरपुर से चोरी हुई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया है। साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
