Spread the love


गदरपुर। नगर के वार्ड नंबर-03, सिनेमा हॉल रोड स्थित एक मकान में अज्ञात बदमाशों ने चोरी की नीयत से धावा बोल दिया। घटना उस समय हुई जब मकान मालिक 69 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक विनोद लाल साह अपने बेटे-बहू के पास देहरादून गए हुए थे।पीड़ित के अनुसार, 30 जुलाई को पड़ोसियों ने उनके पुत्र को फोन कर सूचना दी कि घर का मुख्य दरवाजा खुला है और ताले टूटे हुए हैं। सूचना मिलते ही परिवार गदरपुर पहुंचा और देखा कि घर के ताले टूटे पड़े हैं, सामान बिखरा हुआ है तथा छत पर बनी ममटी का शीशा भी टूटा हुआ है।इसके बाद पीड़ित के पुत्र ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलने पर गदरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। फुटेज में तीन अज्ञात मोटरसाइकिल सवार युवक मुख्य गेट का ताला तोड़ते दिखाई दे रहे हैं, जबकि एक अन्य बदमाश पड़ोसी की छत के रास्ते घर की छत पर चढ़कर ममटी का शीशा तोड़ते हुए अंदर प्रवेश करता नजर आ रहा है।पीड़ित ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी है। पीड़ित का कहना है कि यदि वह उस समय घर पर मौजूद होते तो बदमाश किसी बड़ी अप्रिय घटना को भी अंजाम दे सकते थे। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भी भय का माहौल बना हुआ है।पीड़ित ने पुलिस से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात बदमाशों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाए पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।

You cannot copy content of this page