देहरादून/सितारगंजः(अश्वनी दीक्षित) उत्तराखंड में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में शामिल एक सनसनीखेज ऑपरेशन में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और वन विभाग की संयुक्त टीम ने उधमसिंह नगर के सितारगंज क्षेत्र में छापा मारकर अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क की कमर तोड़ दी। बराकोली वन रेंज के कल्याणपुर इलाके में खुफिया सूचना पर की गई घेराबंदी के दौरान टीम ने दो कुख्यात तस्करों को धर दबोचा और उनके कब्जे से करीब 7 किलो 820 ग्राम वजनी हाथी दांत बरामद किया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देश पर राज्यभर में चल रहे सघन अभियान के तहत यह बड़ी सफलता मिली है, जिससे तस्करी के एक बड़े गिरोह का खुलासा हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों मृत्युंजय हलदार (32 वर्ष) पुत्र स्व. मनोरंजन हलदार और माणिक मंडल (35 वर्ष) पुत्र स्व. सुधीर मंडल, निवासी शक्तिफार्म, सितारगंज लंबे समय से वन्यजीव अंगों की अवैध खरीद-फरोख्त में सक्रिय बताए जा रहे हैं। कार्रवाई के दौरान एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल (यूके 06 एपी 0178) भी बरामद की गई, जिसका इस्तेमाल तस्करी में किया जा रहा था। एसटीएफ के अनुसार हाथी दांत वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की पहली अनुसूची में शामिल है और इसकी तस्करी संगठित एवं गंभीर अपराध की श्रेणी में आती है, जिसमें कठोर दंड का प्रावधान है। आरोपियों के खिलाफ बराकोली रेंज में मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है, वहीं उनके अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शनों को खंगालने के लिए कई टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। सूत्रों के मुताबिक इस खुलासे के बाद तस्करी के बड़े रैकेट का पर्दाफाश होने की संभावना है और आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। इस हाई-प्रोफाइल ऑपरेशन को सफल बनाने में एसटीएफ और वन विभाग की संयुक्त टीम के अधिकारियों व कर्मचारियों की अहम भूमिका रही, जिनकी मुस्तैदी और सटीक रणनीति से यह बड़ी कामयाबी हासिल हुई। तो वही उपस्थित सितारगंज एसडीओ सावित्री गिरी ने बताया इनके खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 संशोधन 2022 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है एसटीएफ टीम में निरीक्षक विकाश चौधरी, उपनिरीक्षक विपिन चंद्र जोशी, उपनिरीक्षक कृष्ण गोपाल मठपाल, हेड कांस्टेबल महेन्द्र गिरी, किशोर कुमार, मनोज बबाड़ी, कांस्टेबल जीतेन्द्र कुमार और टेक्निकल हैंड कृष्ण चंद्र शर्मा शामिल रहे। वहीं वन विभाग बराकोली रेंज की ओर से वन क्षेत्राधिकारी कैलाश चंद्र गुणवंत, बीट अधिकारी जगदीश चंद्र पंत, ललित चंद्र जोशी, सरजीत सिंह, फईम और वन आरक्षी सुरेश ने संयुक्त अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
