रूद्रपुर। पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल ने सुभाष कॉलोनी स्थित शिव मंदिर से माता वैष्णो देवी की तीर्थ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं के जत्थे को भगवा ध्वज दिखाकर और मंगल कामनाओं के साथ रवाना किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और श्रद्धालु उपस्थित रहे। जत्थे को रवाना करते हुए राजकुमार ठुकराल ने सभी तीर्थ यात्रियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया और उनके सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की। इस दौरान ठुकराल ने कहा कि धार्मिक यात्राएं हमारे मन को शांति प्रदान करती हैं और हमारी सांस्कृतिक व आध्यात्मिक जड़ों को मजबूत करती हैं। उन्होंने कहा कि माता वैष्णो देवी के दरबार में हाजिरी लगाना परम सौभाग्य की बात है। ठुकराल ने श्रद्धालुओं से प्रदेश की खुशहाली और जन-कल्याण के लिए प्रार्थना करने का भी आग्रह किया। यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं ने बताया कि यह तीर्थ यात्रा काफी विस्तृत है, जिसमें माता वैष्णो देवी के पावन दरबार के अलावा हरिद्वार के विभिन्न घाटों व मंदिरों के दर्शन किए जाएंगे। इसके पश्चात जत्था अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर, ऐतिहासिक जलियांवाला बाग और बाघा बॉर्डर की यात्रा करेगा। वापसी के मार्ग में श्रद्धालु कुरुक्षेत्र के धार्मिक स्थलों और चुलकाना धाम के दर्शन करते हुए वापस रूद्रपुर लौटेंगे। श्रद्धालुओं ने पूर्व विधायक द्वारा समय-समय पर धार्मिक आयोजनों और तीर्थ यात्रियों को दिए जाने वाले सहयोग की सराहना की। इस दौरान श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इस दौरान दीपक प्रजापति, सौरभ शर्मा, महेश पंडित, गौरव शर्मा, माला शर्मा, गौरव सागर, रेखा, सोमपाल, निधि, कल्पना, सुनीता, अनिल प्रजापति, रोहित शर्मा, मंदीप, अमन, निखिल, अरूण, पूजा, ज्योति, गीता, विनोद, सविता, संगीता, ममता, अरूणा, करून, विष्णु, शिव सिंह, विकास प्रकाश, अनमोल आदि मौजूद थे।
