Spread the love

रुद्रपुर। भूरारानी–शांति बिहार –छतरपुर मार्ग के लंबे समय से जर्जर हालात को देखते हुए अब क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने शुक्रवार को विधिवत फीता काटकर मार्ग के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। राज्य योजना के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग द्वारा 2.47 करोड़ की लागत से 5 किलोमीटर लंबे महत्वपूर्ण मार्ग का हॉटमिक्स निर्माण कराया जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि भूरारानी–शांति बिहार -छतरपुर मार्ग क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। यह मार्ग सिडकुल-हल्द्वानी मार्ग पर जाकर जुड़ता है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के लोग इसका उपयोग करते हैं। पिछले करीब 12 से 15 वर्षों से मार्ग की स्थिति जर्जर बनी हुई थी। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था तथा दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि क्षेत्र में पिछले वर्षों में बड़ी संख्या में नई कॉलोनियां विकसित हुई हैं, जिसके चलते इस मार्ग पर यातायात का दबाव भी बढ़ा है। क्षेत्रवासियों से लगभग दो वर्ष पूर्व उन्होंने इस मार्ग के निर्माण का वादा किया था। उन्होंने कहा कि जनता से किया गया वादा पूरा करते हुए मार्ग को राज्य योजना से स्वीकृत कराया गया और अब लोक निर्माण विभाग के माध्यम से निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में लगातार विकास कार्यों को गति मिली है। विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से खस्ताहाल पड़े अनेक मार्गों का निर्माण एवं सुधार कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास के विजन के साथ रुद्रपुर क्षेत्र में सड़क, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भूरारानी–शांति विहार–छतरपुर मार्ग के निर्माण से आसपास के हजारों लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी और सिडकुल व हल्द्वानी मार्ग की कनेक्टिविटी भी सुगम होगी। विधायक ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।निर्माण कार्य के शुभारंभ के दौरान स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों ने विधायक शिव अरोरा का मिष्ठान खिलाकर आभार व्यक्त किया और लंबे समय से चली आ रही सड़क की समस्या के समाधान की दिशा में कार्य शुरू होने पर खुशी जताई।इस अवसर पर गछतरपुर प्रधान हरीश भट्ट, धर्मपुर प्रधान दीपक गोस्वामी, वरिष्ठ नेता गुलाब सिरोही, दीपनारायण मौर्य, साहब सिंह, शमशेर सिंह शेरा, गोविन्दर सिंह, हरदयाल सिंह, गुरमेज सिंह, प्रदीप नामधारी, आसदीप नामधारी, मनोज चौबे, सेवा सिंह, अनिल राजभर, लोकेश परिहार, नरेंद्र सिरोही, पुष्पेंद्र सिरोही एवं जितेन्दर सिरोही सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

You missed

You cannot copy content of this page