Spread the love

  • गंगापुर रोड के चौड़ीकरण के लिए पहली किश्त जारी
  • एफसीआई चौक से फुलसुंगी श्मशान घाट तक साढ़े तीन किमी मार्ग का होगा चौड़ीकरण
  • गंगापुर मार्ग पर लगने वाले जाम से मिलेगी राहत

रूद्रपुर। शहर की व्यस्त सड़कों में शामिल गंगापुर रोड के चौड़ीकरण का रास्ता साफ हो गया है। एफसीआई चौक से फुलसुंगी श्मशान घाट तक करीब साढ़े तीन किलोमीटर लंबे मार्ग के चौड़ीकरण के लिए शासन ने प्रथम चरण की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान करते हुए पहली किश्त जारी कर दी है। इसके साथ ही लंबे समय से जाम की समस्या से जूझ रहे इस क्षेत्र के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

नगर निगम स्थित अपने कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में महापौर विकास शर्मा ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि की जानकारी देते हुए कहा कि गंगापुर रोड का चौड़ीकरण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। नगर निगम चुनाव के दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों के समक्ष इस महत्वपूर्ण सड़क के चौड़ीकरण के लिए प्रयास करने की बात कही थी। चुनाव के बाद इस मांग को शासन स्तर पर लगातार उठाया गया, जिसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे अपनी घोषणा में शामिल किया। अब शासनादेश जारी होने के साथ परियोजना ने धरातल पर उतरने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा दिया है।

महापौर ने बताया कि शासनादेश के मुताबिक मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 359/2026 के अंतर्गत एफसीआई चौक से फुलसुंगी श्मशान घाट तक 3.500 किलोमीटर गंगापुर रोड के चौड़ीकरण के प्रथम चरण को मंजूरी दी गई है। प्रथम चरण के आगणन के लिए 2.41 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है, जबकि चालू वित्तीय वर्ष में शुरुआती धनराशि भी जारी कर दी गई है।

प्रथम चरण में सड़क का सर्वेक्षण, लेवल पिलर्स, रोड प्लान और एल-सेक्शन तैयार किया जाएगा। इसके बाद भूमि मुआवजा, यूटिलिटी शिफ्टिंग और विस्तृत डीपीआर का आगणन तैयार कर शासन से आगे की वित्तीय स्वीकृति प्राप्त की जाएगी। विस्तृत डीपीआर को मंजूरी मिलने के बाद सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू होगा।

महापौर ने कहा कि गंगापुर रोड का चौड़ीकरण शहर की बड़ी जरूरत बन चुका है। इस मार्ग पर कई प्रतिष्ठित स्कूल स्थित हैं, जबकि आसपास सौ से अधिक छोटी-बड़ी कॉलोनियां विकसित हो चुकी हैं। आबादी और वाहनों का दबाव लगातार बढ़ने के कारण सुबह और शाम के समय यहां अक्सर लंबा जाम लग जाता है। विशेष रूप से स्कूलों के खुलने और छुट्टी के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है। संकरी सड़क के कारण क्षेत्रवासियों के साथ ही स्कूली बच्चों और अभिभावकों को भी प्रतिदिन परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़क चौड़ी होने के बाद न सिर्फ यातायात सुगम होगा बल्कि गंगापुर, फुलसुंगी और आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले हजारों लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलेगी।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में रूद्रपुर लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। शहर की जरूरतों से जुड़ी बड़ी परियोजनाओं को एक-एक कर धरातल पर उतारने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा गंगापुर रोड पर लगातार बढ़ते यातायात और रोजाना लगने वाले जाम से हजारों लोग परेशान थे। नगर निगम चुनाव के दौरान हमने इस समस्या के समाधान के लिए सड़क चौड़ीकरण की दिशा में प्रयास करने की बात कही थी। इस महत्वपूर्ण मांग को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष रखा गया। मुख्यमंत्री ने इसे अपनी घोषणा में शामिल कर रूद्रपुर की जनता को बड़ी सौगात दी और अब इसका शासनादेश जारी होने के साथ प्रथम चरण के लिए धनराशि भी जारी हो गयी है।

महापौर ने कहा कि प्रथम चरण की प्रक्रिया को तेजी से पूरा कर विस्तृत डीपीआर और आगे की स्वीकृतियों के लिए भी शासन स्तर पर प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि रूद्रपुर में बेहतर सड़कें, सुगम यातायात और मजबूत नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। विकास का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा और शहर की अन्य महत्वपूर्ण जरूरतों को भी चरणबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा। महापौर ने जनहित में सड़क चौड़ीकरण का शासनादेश जारी होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार भी व्यक्त किया।

You missed

You cannot copy content of this page