सितारगंज:,(अश्वनी दीक्षित) कांग्रेस पार्टी ने संगठन को जमीनी स्तर पर और धार देने के लिए नगर व ब्लॉक इकाइयों का व्यापक पुनर्गठन करते हुए नए और अनुभवी चेहरों को अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं, जिससे कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह और ऊर्जा देखने को मिल रही है। रविवार को आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत कर शक्ति प्रदर्शन किया। पार्टी नेतृत्व ने सरताज अहमद पर एक बार फिर भरोसा जताते हुए उन्हें पुनः सितारगंज नगर अध्यक्ष की कमान सौंपी, वहीं रंजीत सिंह राणा को सितारगंज ब्लॉक अध्यक्ष और उत्तम आचार्य को दोबारा शक्तिफार्म ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी देकर संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर प्रदेश सचिव नवतेज पाल सिंह, पूर्व विधायक नारायण पाल, मण्डी के पूर्व चेयरमैन हरपाल सिंह और पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष करन जंग सहित कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। उधर शक्तिफार्म में युवक कांग्रेस के नव नियुक्त पदाधिकारियों का भी जोरदार स्वागत किया गया, जहां यूथ कांग्रेस सितारगंज के ब्लॉक अध्यक्ष शादाब अंसारी, विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष सुमिंदर यादव, शक्तिफार्म ब्लॉक अध्यक्ष अमित सरकार और प्रदेश सचिव विजेंद्र सिंह मोमी को सम्मानित कर संगठन विस्तार का संदेश दिया गया। पूरे कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं का जोश और एकजुटता साफ नजर आई, वहीं नेताओं ने आगामी चुनावी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने और जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया, जिससे क्षेत्र में कांग्रेस की राजनीतिक सक्रियता तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।
