रुद्रपुर। अपेक्स डिग्री कॉलेज के मैदान में शनिवार को अपेक्स क्रिकेट टीम और वॉरियर क्रिकेट अकादमी के बीच अंडर-19 क्रिकेट मैच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में अपेक्स क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वॉरियर क्रिकेट अकादमी को 161 रनों से पराजित कर जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अपेक्स क्रिकेट टीम ने निर्धारित 40 ओवर में 270 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वॉरियर क्रिकेट अकादमी की पूरी टीम 109 रन पर सिमट गई। इस तरह अपेक्स ने मुकाबला 161 रनों के बड़े अंतर से अपने नाम कर लिया।
मैच के दौरान अपेक्स डिग्री कॉलेज के मैनेजिंग डायरेक्टर मनदीप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया। वहीं, खबर पड़ताल के रिपोर्टर गुरदीप सिंह को भी अपेक्स कॉलेज की ओर से श्री गुरु नानक देव जी की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया।
अपेक्स क्रिकेट टीम के कोच मोहम्मद जुनेद ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजनों का आयोजन किया जाता रहेगा, जिससे युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
वहीं, टीम के कोच निर्भय कुमार ने कहा कि अकादमी का प्रयास रहेगा कि यहां के प्रतिभावान क्रिकेटरों को जिला और राज्य स्तरीय टीमों के साथ खेलने का अवसर मिले, ताकि उनके चयन और उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त हो सके। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और सरकार से भी क्रिकेट अकादमियों को सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि बेहतर संसाधन मिलने पर खिलाड़ियों को और उच्च स्तर की प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।
इस अवसर पर खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं कॉलेज प्रबंधन के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


