Spread the love

गदरपुर/दिनेशपुर। उत्तराखंड की होनहार बेटी रिद्धिमा सती ने खेल जगत में प्रदेश का मान बढ़ाया है। तेलंगाना में आयोजित 26वीं राष्ट्रीय स्क्वे मार्शल आर्ट चैंपियनशिप (अंडर-18) में स्वर्ण पदक जीतकर लौटी रिद्धिमा का क्षेत्र में भव्य अभिनंदन किया गया। रिद्धिमा स्थानीय किंग्सहाइट इंटरनेशनल स्कूल की 10वीं की छात्रा हैं और उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
​रिद्धिमा सती और रितेश सती के शानदार प्रदर्शन और उनकी मेहनत से प्रभावित होकर कालीनगर ग्राम प्रधान और पूर्व जिला पंचायत सदस्य त्रिनाथ विश्वास ने दोनों खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें अपना आशीर्वाद दिया। बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उन्होंने अपनी ओर से उन्हें नकद धनराशि भेंट की। इसके साथ ही उन्होंने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि जब ये बच्चे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने के लिए विदेश (दुबई) जाएंगे, तो उनकी यात्रा और खेल सुविधाओं के लिए वह व्यक्तिगत रूप से पूरी आर्थिक मदद करेंगे।
​क्षेत्रवासियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ किया अभिनंदन
​शनिवार को स्वर्ण पदक लेकर पहुंची रिद्धिमा का स्कूल प्रशासन और कालीनगर के तमाम क्षेत्रवासियों ने फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया। कोच राजवीर सिंह के मार्गदर्शन में मिली इस बड़ी जीत पर पूरे क्षेत्र को गर्व है।
​स्कूल प्रबंधक आलमजीत सिंह साहू ने जानकारी दी कि यह राष्ट्रीय चैंपियनशिप 05 से 07 जनवरी तक तेलंगाना में आयोजित हुई थी, जिसमें हरियाणा, असम, राजस्थान और उड़ीसा सहित देश भर के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था। इस अवसर पर प्रधानाचार्या अंजू बोरा, डी.एस. राणा, परमानंद गंगवार, सावित्री रावत, कोच राजवीर सिंह, कैलाश कुमार, शेर सिंह लामा सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा ।

You cannot copy content of this page