Spread the love

डायल-112 की सतर्कता से कार्रवाई, पुलिस ने वाहन किया सीज, फरार आरोपी की तलाश जारी

गदरपुर। कोतवाली गदरपुर पुलिस ने डायल-112 की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सिल्वर रंग की सैन्ट्रो कार से करीब 85 किलोग्राम संदिग्ध गौवंशीय मांस तथा चार गौवंशीय पैर (खुर सहित) बरामद किए हैं। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है, जबकि चालक खेतों के रास्ते फरार हो गया। उसके खिलाफ उत्तराखंड गौवंश संरक्षण अधिनियम, 2007 की धाराओं 3/5/11(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार सुबह डायल-112 टीम ने करतारपुर रोड से तेज रफ्तार में आ रही एक सिल्वर सैन्ट्रो कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन नहीं रोककर काशीपुर रोड होते हुए दिनेशपुर रोड की ओर भाग निकला। डायल-112 कर्मियों ने उसका पीछा किया। ग्राम मुकंदपुर मार्ग के सामने काशीपुर रोड पर वाहन सड़क किनारे लावारिस हालत में मिला। बताया गया कि वाहन का एक्सल टूट जाने के कारण चालक कार छोड़कर खेतों और पानी भरे क्षेत्र का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
सूचना पर उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तलाशी लेने पर कार की डिग्गी से दो प्लास्टिक के कट्टों में लगभग 45 और 40 किलोग्राम संदिग्ध गौवंशीय मांस तथा चार पैर बरामद हुए। सूचना पर पहुंचे पशु चिकित्सक डॉ. रवि खुल्वे ने प्राथमिक जांच में बरामद मांस को प्रथम दृष्टया गौवंशीय बताया। इसके बाद मांस के नमूने लेकर सील किए गए और विधिक प्रक्रिया पूरी की गई।
पुलिस ने पूरी बरामदगी और तलाशी की कार्रवाई ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से वीडियोग्राफी कर रिकॉर्ड की है। बरामद सैन्ट्रो कार (नंबर DL-3CBF-4194) को कब्जे में लेकर कोतवाली लाया गया है। फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

You cannot copy content of this page