Spread the love

नारायणपुर, 9 अगस्त। अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर रविवार को नारायणपुर तिराहे स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कीर्ति स्तंभ पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम अतिथियों द्वारा ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के जिलाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला एवं ब्लाक प्रमुख रीना गौतम ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ कीर्ति स्तम्भ पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में 9 अगस्त का दिन अत्यंत महत्वपूर्ण है। वर्ष 1942 में इसी दिन भारत छोड़ो आंदोलन ने व्यापक जनआंदोलन का रूप लिया था। उन्होंने कहा कि 8 अगस्त 1942 को मुंबई के गोवालिया टैंक मैदान, जिसे आज अगस्त क्रांति मैदान के नाम से जाना जाता है, में अखिल भारतीय कांग्रेस समिति द्वारा ‘भारत छोड़ो प्रस्ताव’ पारित किया गया। इसी दौरान महात्मा गांधी ने देशवासियों को ‘करो या मरो’ का ऐतिहासिक मंत्र दिया, जिसने स्वतंत्रता आंदोलन को निर्णायक दिशा प्रदान की। कहा कि 9 अगस्त 1942 को आंदोलन के प्रमुख नेताओं महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल सहित अनेक नेताओं को ब्रिटिश सरकार ने गिरफ्तार कर लिया था। इसके बावजूद देशवासियों का हौसला नहीं टूटा और आंदोलन देश के कोने-कोने तक फैल गया। उन्होंने कहा कि अरुणा आसफ अली द्वारा तिरंगा फहराकर आंदोलन को नई ऊर्जा प्रदान की गई, वहीं जयप्रकाश नारायण और राम मनोहर लोहिया जैसे नेताओं ने भूमिगत रहकर आंदोलन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि भारत छोड़ो आंदोलन केवल राजनीतिक नेतृत्व तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग ने अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई। महिलाओं, विद्यार्थियों, किसानों, मजदूरों और युवाओं ने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अनेक स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया। कनकलता बरुआ और कुशल कोंवर जैसे वीरों का बलिदान आज भी देशवासियों को राष्ट्रसेवा और देशभक्ति की प्रेरणा देता है।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के जिलाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि भारत छोड़ो आंदोलन की पृष्ठभूमि में क्रिप्स मिशन की विफलता, द्वितीय विश्व युद्ध में भारत की बिना सहमति भागीदारी तथा ब्रिटिश शासन की नीतियों के प्रति देशभर में बढ़ता असंतोष प्रमुख कारण थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 1942 में देशवासियों के भीतर अंग्रेजी शासन से पूर्ण स्वतंत्रता प्राप्त करने का संकल्प और अधिक मजबूत हुआ। इस आंदोलन ने ब्रिटिश सरकार को यह स्पष्ट संदेश दे दिया था कि भारतीय जनता अब किसी भी कीमत पर गुलामी स्वीकार करने को तैयार नहीं है। कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। नई पीढ़ी को स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास और वीर सेनानियों के योगदान से परिचित कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृतियों को संजोकर रखना और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि गत वर्ष अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी तिराहे पर 150 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज स्थापित किए जाने का आश्वासन दिया गया था, जिसे अब साकार कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही नारायणपुर में भव्य कार्यक्रम आयोजित कर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज का विधिवत लोकार्पण किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि अगस्त क्रांति दिवस हमें यह स्मरण कराता है कि देश की आजादी असंख्य ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है।
कार्यक्रम में ब्लाक प्रमुख रीना गौतम, मंडल अध्यक्ष मयंक तिवारी, गोल्डी गोराया, पिंकी डीमरी, राजेश तिवारी, नारायण पाठक, नरेंद्र ठुकराल, योगेन्द्र मणि त्रिपाठी, ब्लॉक अध्यक्ष प्रधान संघ वीरेंद्र यादव, सुशील यादव, सुभाष मिश्रा, नवल किशोर तिवारी, जितेंद्र गौतम, विजेंद्र यादव, प्रवीण तिवारी, प्रेम श्रीवास्तव, कृष्णा कान्हा तिवारी, अजय तिवारी, नरेंद्र मणि त्रिपाठी, ज्ञान प्रकाश तिवारी, अखिलेश यादव, संजय कुशवाहा, ग्राम प्रधान दीपिका, क्षेत्र पंचायत सदस्य नेहा, नारायण सिंह उर्फ गुड्डू, राज गगनेजा, बंटी खुराना, त्रिलोकी सिंह, डॉक्टर चंदेश्वर तिवारी, गुड्डन सिंह, प्रमोद गुप्ता, संजीव पांडे, ऋषिकेश सिंह, मनमोहन सक्सेना, रजनीश कुमार, महेंद्र पाल, पूरन भट, महेंद्र बाल्मीकि, शुभाशीष बिष्ट, गोपाल सिंह रावत, डीएन यादव, नीरज खुगर, मनु पाल, सुनील मिश्रा, निखिल द्विवेदी, गुड्डू कुशवाहा, उदय शंकर तिवारी, पूनम प्रजापति, लक्ष्मी सिंह, अशोक कुमार, रजनीश कुमार, करुणाकर मिश्रा, संजय पाठक, अभिषेक पाठक, भारत मिश्रा, शिवेश मणि त्रिपाठी, शिवम त्रिपाठी समेत सैकड़ों राष्ट्र प्रेमी उपस्थित थे!

You cannot copy content of this page