Spread the love

आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर ग्रामीणों ने कोतवाली का घेराव किया

गदरपुर क्षेत्र के खेमपुर गांव निवासी सोमल सिंह (47) पुत्र कन्हैया सिंह की ट्रैक्टर की टक्कर से हुई दर्दनाक मौत के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। मृतक अपने पीछे तीन पुत्रियों को छोड़ गया है, जिनका पिता की असमय मृत्यु के बाद रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतक की पत्नी गंगावती ने घटना के संबंध में बुधवार रात लगभग 10 बजे कोतवाली में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप है कि खेमपुर निवासी अनमोल, जो ट्रैक्टर का चालक एवं स्वामी बताया जा रहा है, घटना के बाद से ट्रैक्टर सहित फरार है। रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी न होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई।
गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के शव को लेकर कोतवाली पहुंच गए और परिसर का घेराव कर दिया। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उनका कहना था कि जब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे कोतवाली से नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति की जान जाने के बाद भी आरोपी खुलेआम फरार है, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक ट्रैक्टर स्वामी को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक ग्रामीण कोतवाली से वापस नहीं जाएंगे।
स्थिति को देखते हुए प्रभारी कोतवाल ने ग्रामीणों से वार्ता की और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार घंटे का समय मांगा। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक अरविंद पांडे भी कोतवाली आ पहुंचे और कोतवाली प्रभारी प्रदीप शर्मा से आरोपी के खिलाफ कार्यवाही की मांग की वही कुछ देर बाद ही पुलिस ने भी आनन फानन में आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया इसके बाद क्षेत्रीय विधायक अरविंद पांडे ने पीड़ित पक्ष से अपील करी की शव का अंतिम संस्कार कर दिया जाए पुलिस अपना कार्य कर रही है।

फाइल फोटो

You cannot copy content of this page