सितारगंज-अमरिया पीलीभीत रोड पर मलपुरी के आगे पेट्रोल पंप के पास स्थित एक राइस मिल के सामने बुधवार शाम करीब सात बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंफर ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गौरीखेड़ा निवासी 19 वर्षीय सुल्तान पुत्र शरीफ अहमद, 17 वर्षीय नाजिम पुत्र शराफत हुसैन और 26 वर्षीय मोहम्मद सदाब पुत्र मोहम्मद यामीन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 15 वर्षीय मोहम्मद कैफ पुत्र मोहम्मद यामीन गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि चारों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंफर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर खून बिखर गया। हादसे के बाद डंफर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस की सहायता से घायल मोहम्मद कैफ को उपजिला चिकित्सालय सितारगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर कर दिया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फरार डंफर चालक की तलाश शुरू कर दी है।घटना की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
