हल्द्वानी के हैंडल गेट, दामवादुंगा, जवाहर ज्योति और शिवायपुरम क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। बीते दिनों आवारा कुत्तों ने दो बच्चों और एक महिला पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में एक बच्चे के चेहरे पर 12 टांके आए हैं, जबकि दूसरे बच्चे और महिला के हाथ में गहरे घाव लगे हैं।
इसी तरह गायत्री नगर, काठगोदाम क्षेत्र में भी आवारा कुत्तों ने एक महिला और एक पुरुष को निशाना बनाया। हमले में पुरुष के पैर में कुत्ते ने काट लिया, जबकि महिला छीना-झपटी के दौरान गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटनाओं के बाद पीड़ितों व स्थानीय लोगों ने हल्द्वानी नगर निगम को इसकी लिखित शिकायत दी है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या के बावजूद नगर निगम द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे आमजन खासकर बच्चे और महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम से तत्काल अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ने, उनका उपचार व नसबंदी कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

आवारा कुत्तों का आतंक, बच्चों-महिलाओं पर हमले से दहशत