राजकीय महाविद्यालय सिसौना में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का हुआ जोरदार स्वागत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां।
रिपोर्टर अश्वनी खबर पड़ताल
सितारगंज राजकीय महाविद्यालय सिसौना सितारगंज में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत एवं उनके बीच आपसी मेल-जोल बढ़ाने के उद्देश्य से भव्य फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सितारगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा ने शिरकत की और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन व्यक्ति के भविष्य की नींव तैयार करने का महत्वपूर्ण समय है। इस दौरान विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, सकारात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। फ्रेशर पार्टी का आयोजन कोषाध्यक्ष प्रत्याशी नंदिनी राणा एवं अध्यक्ष प्रत्याशी हरे कृष्णा मिस्त्री के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक, मनोरंजक एवं प्रतिभा आधारित प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। फ्रेशर पार्टी के दौरान विद्यार्थियों के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला और महाविद्यालय परिसर में दिनभर उत्साह एवं उमंग का माहौल बना रहा। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा सामने लाने के साथ-साथ एक-दूसरे से परिचित होने और महाविद्यालयी जीवन को बेहतर ढंग से समझने का अवसर प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में पूर्व छात्र संघ कोषाध्यक्ष तुषार शर्मा, इंद्रजीत मिस्त्री, अरमान, दानिश, तुषार विश्वास, आकाश रावत, तनुज मंडल सहित अनेक छात्र-छात्राएं एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। सभी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।

