Spread the love

सितारगंज:(अश्वनी दीक्षित)क्षेत्र में देर रात हुई एक सनसनीखेज वारदात ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बाईपास रोड स्थित एचएस हॉस्पिटल के सामने खड़े ट्रक से शातिर चोरों ने फिल्मी स्टाइल में करीब 200 लीटर डीजल और दो बैटरियां चोरी कर लीं। पीड़ित चालक मो. फारुख के अनुसार 18 अप्रैल 2026 की रात वह अपने वाहन संख्या यूके06 सीसी-7117 को सड़क किनारे खड़ा कर पास की दुकान में सो रहा था, तभी रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच संदिग्ध हलचल से उसकी नींद खुली। बाहर निकलकर देखा तो काले रंग की कार में आए बदमाश ट्रक की टंकी से डीजल निकाल रहे थे। शोर मचाने पर बदमाश तेजी से अपनी कार (यूपी65 सीसी-2795) में सवार होकर फरार हो गए, जिसमें पहले से ही तीन लोग बैठे थे। चालक ने अपने साथियों के साथ हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया, जो सिडकुल फेस-2 की ओर भागे, लेकिन रात का अंधेरा और सड़क पर ट्रैफिक का फायदा उठाकर आरोपी चकमा देने में कामयाब रहे। घटना के बाद मौके पर लौटने पर ट्रक से भारी मात्रा में डीजल और दोनों बैटरियां गायब मिलीं, जिससे चालक को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ। पीड़ित ने कोतवाली सितारगंज में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लगातार बढ़ रही इस तरह की घटनाओं से वाहन चालकों में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द खुलासे का दावा किया जा रहा है।

You cannot copy content of this page