Spread the love


हरिद्वार। हरिद्वार के कलियर क्षेत्र में कॉस्मेटिक एवं जनरल स्टोर की आड़ में संचालित किए जा रहे अवैध नशे के कारोबार का एसटीएफ ने भंडाफोड़ किया है। एसटीएफ और ड्रग विभाग की संयुक्त कार्रवाई में अहतशाम कॉस्मेटिक जनरल स्टोर के संचालक अहतशाम उल हक को प्रतिबंधित कोडीन सिरप और ट्रामाडोल कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया गया।
संयुक्त टीम द्वारा की गई छापेमारी के दौरान आरोपी के कब्जे से करीब 3.9 किलोग्राम कोडीन सिरप तथा भारी मात्रा में ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में प्रतिबंधित दवाओं की अवैध सप्लाई से जुड़े एक नेटवर्क के संकेत मिले हैं, जिसकी गहन जांच की जा रही है।
एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का संबंध पूर्व में बरामद 18 हजार ट्रामाडोल कैप्सूल के मामले से भी सामने आया है। जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी प्रतिबंधित दवाओं को बाजार मूल्य से कई गुना अधिक कीमत पर बेचकर अवैध मुनाफा कमा रहा था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ ने कलियर क्षेत्र के कई संदिग्ध ठिकानों पर भी दबिश दी है। ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई लगातार जारी है।

You cannot copy content of this page