जेसीज पब्लिक स्कूल रुद्रपुर में ‘‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम’’ के शुभारंभ के अवसर पर विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालयों में प्रातःकालीन विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई, जिसमें माननीय मुख्यमंत्री जी का संदेश पत्र विद्यार्थियों के समक्ष पढ़कर सुनाया गया तथा मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम की जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर कार्यक्रम से संबंधित ब्रोशर भी प्रदर्शित किया गया।
विद्यालयों के सूचना पट पर कार्यक्रम का ब्रोशर, समय-सारणी, निबंध के विषय तथा निबंध पोर्टल का QR कोड प्रदर्शित किया गया। विद्यार्थियों को कार्यक्रम की रूपरेखा, निबंध प्रतियोगिता तथा ऑनलाइन सहभागिता की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी दी गई।
’माननीय मुख्यमंत्री जी का लाइव प्रसारण प्रातः 11ः00 बजे से’ विद्यालयों में विद्यार्थियों को दिखाया गया। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक लाइव प्रसारण में सहभागिता की और कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं संदेश से परिचित हुए। विद्यालयों द्वारा आयोजित गतिविधियों की एक-एक फोटो निर्धारित पोर्टल पर अपलोड की जा रही है।
कार्यक्रम के आगामी चरण के अंतर्गत ’24 अगस्त 2026 तक कक्षा 11 एवं 12 के पात्र विद्यार्थियों द्वारा निबंध ऑनलाइन जमा किए जाएंगे।’ प्रत्येक विद्यार्थी अपना निबंध स्वयं पोर्टल पर अपलोड करेगा। इसके पश्चात ’16 सितम्बर 2025 को मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी संकल्प दिवस’ आयोजित किया जाएगा। विद्यालय प्रबन्धन समिति के महासचिव श्री सुरजीत सिंह ग्रोवर ने इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम निश्चित रूप से विद्यार्थियों के विकास के लिए एक सराहनीय प्रयास है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक चिंतन, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राज्य के विकास के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना है। सभी पात्र विद्यार्थियों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रम की आगामी गतिविधियों को निर्धारित समय-सारणी के अनुसार संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।

