Spread the love

किच्छा। शहर की बसंत गार्डन कॉलोनी निवासी प्रतिभाशाली छात्रा शांभवी तिवारी ने अपने अथक परिश्रम और लगन के दम पर संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में 46वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला अपने सहयोगियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ शांभवी तिवारी के आवास पहुंचे और उन्हें शॉल ओढ़ाकर, स्मृति चिन्ह भेंट कर तथा मिठाई खिलाकर सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि “शांभवी तिवारी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे किच्छा क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उनकी लगन, धैर्य और कड़ी मेहनत युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि वह भविष्य में देश की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।”
उन्होंने कहा कि शांभवी की सफलता पंतनगर विश्वविद्यालय के लिए भी गर्व का विषय है, क्योंकि वह विश्वविद्यालय की पूर्व छात्रा हैं। उन्होंने बताया कि वह स्वयं पंतनगर विश्वविद्यालय के 1985 बैच के छात्र रहे हैं और वर्तमान में विश्वविद्यालय की प्रबंधन परिषद के सदस्य के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय की परंपरा रही है कि यहां से निकली प्रतिभाएं देश-दुनिया में अपना नाम रोशन करती रही हैं और शांभवी ने इस गौरवशाली परंपरा को और मजबूत किया है।
शांभवी तिवारी ने पंतनगर विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की पढ़ाई की है, जिसमें वह गोल्ड मेडलिस्ट रही हैं। बीटेक के बाद उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में सफलता प्राप्त करने का लक्ष्य तय किया और कठिन परिश्रम के बल पर यह मुकाम हासिल किया।
इस अवसर पर शांभवी तिवारी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और मार्गदर्शकों को देते हुए कहा कि “यह सफलता केवल मेरी नहीं, बल्कि उन सभी लोगों की है जिन्होंने हर कठिन समय में मेरा हौसला बढ़ाया। मेरा प्रयास रहेगा कि मैं अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन कर देश की सेवा कर सकूं।”
इस मौके पर मंडल अध्यक्ष गोल्डी गोराया, वरिष्ठ भाजपा नेता धर्मराज जायसवाल, नितिन वाल्मीकि, शिक्षक ध्रुव पांडे, अनिल सिंह, शशांकांत शंखधर, प्रिंस तिवारी, सचिन वाल्मीकि, रचित सिंह, नवीन पांडे, संजू द्विवेदी, गिरीश चंद तिवारी, छात्र संघ सचिव अमन कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे और शांभवी को शुभकामनाएं दीं।

You cannot copy content of this page