सितारगंज क्षेत्र की ग्राम सभा हल्दुआ के गांव सावेपुर में उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया जब उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा अचानक ग्राम प्रधान हरप्रीत सिंह हैप्पी के आवास पर पहुंचे। इस दौरान उनके साथ सितारगंज के ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल, भाजपा के वरिष्ठ नेता लखविंदर सिंह लक्खा सहित कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे।ग्राम सभा हल्दुआ पहुंचने पर ग्राम प्रधान हरप्रीत सिंह हैप्पी ने कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा और ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। इस दौरान क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे और कार्यक्रम में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान हरप्रीत सिंह हैप्पी ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता दिलाते हुए कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में उत्तराखंड में चौमुखी विकास हो रहा है और सितारगंज विधानसभा क्षेत्र लगातार नई तरक्की की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता के सहयोग से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सितारगंज में नया इतिहास रचा जाएगा।
वहीं ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल ने कहा कि जिस तरह क्षेत्र की जनता ने उन्हें सहयोग दिया, उसी प्रकार आगामी 2027 के चुनाव में भी सौरभ बहुगुणा को विधायक बनाकर क्षेत्र में विकास की गति को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार क्षेत्र की हर समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।ग्राम प्रधान हरप्रीत सिंह हैप्पी और उनके समर्थकों द्वारा भाजपा की सदस्यता लेने पर वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें बधाई दी। बधाई देने वालों में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल, भाजपा वरिष्ठ नेता लखविंदर सिंह लक्खा, परमजीत सिंह फौजी, निर्मल सिंह तथा सुखदेव सिंह सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी ने आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज होने के संकेत दे दिए हैं।


